रांची। झारखंड की प्रकृति, संस्कृति और अस्मिता से जुड़े “सखुआ वृक्ष” को रांची की हरियाली का प्रतीक बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने शनिवार को  एक ऐतिहासिक एवं महत्वाकांक्षी पहल का शुभारंभ किया। चुटिया स्थित इक्कीसो महादेव मंदिर परिसर से “सखुआ महोत्सव-2026” का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर  राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सखुआ का पौधा लगाकर महाअभियान की शुरुआत की।
रांची नगर निगम द्वारा शुरू किया गया यह अभियान केवल पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि रांची को अधिक हरा-भरा, पर्यावरण-अनुकूल और सुंदर शहर बनाने के लिए जनभागीदारी आधारित हरित संकल्प है। पूरे सावन माह चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों, गली-मोहल्लों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर एक लाख सखुआ के पौधे लगाए जाएंगे।
राज्यपाल ने दिया पौधारोपण के साथ संरक्षण का संदेश
 राज्यपाल संतोष  कुमार गंगवार ने सखुआ का पौधा लगाते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे वृक्ष का रूप लेकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं संतुलित पर्यावरण प्रदान करें।
सखुआ महोत्सव बनेगा जन-आंदोलन: महापौर 
 महापौर श्रीमती रोशनी खलखो ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों एवं नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि “सखुआ महोत्सव-2026” रांची में हरित क्रांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकल्प है। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना है।
उन्होंने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को अपना अभियान समझें और पौधा लगाने के साथ-साथ उसकी देखभाल एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि एक पौधा एक परिवार, एक पौधा एक संस्था और एक पौधा एक मोहल्ले की जिम्मेदारी बने, तो रांची की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकती हैं।
उप महापौर ने बताया सखुआ को झारखंड की पहचान का वृक्ष
 उप महापौर  नीरज कुमार ने कहा कि सखुआ केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि झारखंड की प्रकृति, संस्कृति और जनजीवन से गहराई से जुड़ी पहचान है। रांची शहर में एक लाख सखुआ पौधों का रोपण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब लगाए गए पौधे सुरक्षित रहें और आने वाले वर्षों में विकसित होकर शहर के हरित आवरण को मजबूत करें। इसके लिए निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
पूरे सावन चलेगा महाअभियान, लक्ष्य—एक लाख सखुआ
रांची नगर निगम द्वारा आयोजित “सखुआ महोत्सव-2026” पूरे सावन माह तक चलेगा। अभियान के तहत निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गली-मोहल्लों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, खुले स्थानों एवं अन्य उपयुक्त क्षेत्रों में सखुआ के पौधे लगाए जाएंगे।
इस अभियान का व्यापक उद्देश्य रांची के हरित आवरण का विस्तार, पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करना, वायु गुणवत्ता में सुधार, नागरिकों में पर्यावरणीय चेतना विकसित करना तथा पौधारोपण को जनभागीदारी का स्थायी संस्कार बनाना है।
जनप्रितिनिधियों और नागरिकों ने लिया हरित संकल्प
कार्यक्रम में रक्षा राज्य मंत्री-सह-सांसद  संजय सेठ,  राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी,  विधायक  श्री सी.पी. सिंह,  विधायक हटिया  नवीन जायसवाल, महापौर श्रीमती रोशनी खलखो,  उप महापौर  नीरज कुमार,  पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त  संजय कुमार, उप नगर आयुक्त  रविंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्तगण सहित रांची नगर निगम के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों ने सखुआ के पौधे लगाए। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया और “हरित रांची” के संकल्प को जनसंकल्प में बदलने का संदेश दिया।
निगम की अपील “पौधा लगाएं भी, बचाएं भी
रांची नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि “सखुआ महोत्सव-2026” को केवल एक कार्यक्रम न मानकर इसे रांची के भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं। प्रत्येक नागरिक कम-से-कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लें।
निगम का लक्ष्य एक लाख सखुआ के पौधे लगाकर संख्या पूरी करना मात्र नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखते हुए विकसित करना है, ताकि आने वाले वर्षों में यही पौधे रांची के हरित विस्तार, स्वच्छ पर्यावरण और प्राकृतिक सौंदर्य की पहचान बनें।