रांची : रांची स्थित राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) परिसर में बारिश के कारण जलजमाव की तस्वीरें सामने आने के बाद राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने रिम्स के निदेशक और अधीक्षक को तलब कर पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी। स्वास्थ्य मंत्री ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि राज्य के सबसे बड़े अस्पताल में किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Read More : जनगणना 2026 : कुड़मी धर्म और कुड़माली भाषा कोड की मांग, सांसदो संग मिले ORGI से
रिम्स के निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा ने स्वास्थ्य मंत्री को जानकारी दी कि परिसर में जारी मरम्मत कार्य के दौरान भारी बारिश के कारण कुछ समय के लिए पानी जमा हो गया था। जांच में यह तथ्य सामने आया कि मुख्य ठेकेदार (संवेदक) ने खुद काम कराने के बजाय इसे पेटी कॉन्ट्रैक्ट (सब-कॉन्ट्रैक्ट) पर दे दिया था, जिससे काम की गुणवत्ता और निगरानी प्रभावित हुई।
पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर कड़ा ऐतराज, ठेकेदार का रजिस्ट्रेशन होगा रद्द
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सरकारी कामों में पेटी कॉन्ट्रैक्ट की प्रथा पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से होने वाले विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भवन निर्माण विभाग के सचिव को तत्काल निर्देश जारी करते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने और उसके डी-रजिस्ट्रेशन (पंजीकरण निरस्तीकरण) की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए। मंत्री ने कहा कि अपनी जिम्मेदारी ठीक से न निभाने वाले संवेदकों को सरकारी काम करने का कोई हक नहीं है।
आधे घंटे में कराया गया जलजमाव दूर
मंत्री ने बताया कि जलजमाव की सूचना मिलते ही रिम्स प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और महज 30 मिनट के भीतर परिसर से पानी की निकासी कराकर स्थिति सामान्य कर दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दौरान अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से सुचारू रहीं और मरीजों के इलाज पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने रिम्स प्रशासन को निर्देश दिया कि परिसर में चल रहे सभी निर्माण और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी की जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
भ्रामक खबरों पर मंत्री की चेतावनी
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि कुछ लोग अधूरी और पुरानी तस्वीरों के जरिए जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी घटना की सही, तथ्यात्मक और समयबद्ध जानकारी मीडिया व जनता तक पहुंचाई जाए ताकि अफवाहों पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि चाहे अधिकारी हों, इंजीनियर हों या ठेकेदार, जो भी अपनी जिम्मेदारी में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।




