धनबाद : धनबाद शहर के काफी चहल-पहल वाली जगह बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में बुधवार को बिजली के मीटर में अचानक आग लग गई। मीटर से धुआं और चिंगारियां उठते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर भवन में रहने वाले लोग तुरंत बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय निवासियों के सहयोग से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
Read More : CCL अरगड़ा क्षेत्र में समाधान शिविर आयोजित, कर्मचारियों की शिकायतों का ऑन द स्पॉट निस्तारण
जेनरेटर रूम तक पहुंचने से रुकीं लपटें
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोक दिया। राहत की बात यह रही कि आग की लपटें मीटर के पास बने जेनरेटर रूम तक नहीं पहुंचीं। यदि आग जेनरेटर रूम तक पहुंच जाती, तो बड़े विस्फोट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
भवन में सुरक्षा इंतजामों की कमी, पड़ोसी सोसाइटी ने की मदद
घटना के दौरान आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शांति भवन के पास स्थित मधुलिका इंक्लेव के निवासियों ने अपने परिसर में मौजूद फायर सेफ्टी उपकरण मुहैया कराए, जिससे आग पर जल्दी काबू पाया जा सका। घटना के बाद शांति भवन के निवासियों ने आरोप लगाया कि उनके भवन में अग्निशमन उपकरणों समेत सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने चिंता जताई कि ऐसी लापरवाही से आपात स्थिति में लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है।
फायर ब्रिगेड का बयान और आग का कारण
फायर ब्रिगेड अधिकारी लक्ष्मण प्रसाद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन को मौके पर भेजा गया था और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि प्राथमिक दृष्टि में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट है और मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। शॉर्ट सर्किट के कारण हुई इस घटना के चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति कुछ देर के लिए प्रभावित रही, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया।




