रामगढ़ : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय के निर्देश पर अरगड़ा क्षेत्र में एक दिवसीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 11:00 बजे से दोपहर 4:00 बजे तक चला, जिसमें सीसीएल कर्मचारियों ने अपनी सेवा संबंधी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को प्रबंधन के समक्ष रखा। समाधान शिविर की अध्यक्षता समाधान प्रकोष्ठ के मुख्य प्रबंधक गौतम चौधरी ने की। इस अवसर पर अरगड़ा क्षेत्र के स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन एवं प्रशासन) राजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक (कार्मिक) तेजविंदर सिंह, समाधान सेल की नोडल अधिकारी सह वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) ऋचा टाइटस, स्टाफ अधिकारी (सिविल) और सभी इकाइयों के मानव संसाधन अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
Read More : बाबा बैद्यनाथ की कथाएं अब 3D में, देवघर प्रशासन की नई पहल युवाओं को भाई
आवास और पदोन्नति से जुड़े मामलों पर हुई त्वरित कार्रवाई
शिविर के दौरान कर्मचारियों द्वारा आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, पदोन्नति और अन्य सेवा संबंधी मामलों को लेकर आवेदन सौंपे गए। प्रबंधन ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर कर्मचारियों को राहत प्रदान की। वहीं, जिन मामलों में प्रशासनिक जांच या विस्तृत प्रक्रिया की आवश्यकता थी, उन्हें नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई के लिए दर्ज किया गया।
पारदर्शी कार्य संस्कृति के प्रति सीसीएल की प्रतिबद्धता
प्रबंधन के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण करना है। इस तरह के आयोजनों से संस्थान में पारदर्शी और उत्तरदायी कार्य संस्कृति को मजबूती मिलती है। कर्मचारियों ने भी इस पहल की सराहना की और अपनी समस्याओं के समाधान पर संतोष व्यक्त किया।




