रांची : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा आयोजित क्लस्टर और जोनल स्तरीय खेल प्रतियोगिता में DAV गांधीनगर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बिहार और झारखंड के CBSE संबद्ध विद्यालयों के खिलाड़ियों के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता में स्कूल के छात्रों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। बैडमिंटन के बालक अंडर-19 वर्ग में DAV गांधीनगर के आयुष कुमार, पीयूष कुमार और यशवंत पिंगवा की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। वहीं, बैडमिंटन के ही अंडर-17 वर्ग में तन्मय कुमार, अनिकेत सराफ, अभिनव सिंह और निधीश राज की टीम ने रजत (सिल्वर) पदक पर कब्जा जमाया।
Read More : JPSC-JSSC विवाद पर सीएम हेमंत सोरेन ने तोड़ी चुप्पी, कहा- समय आने पर दिखेगा फैसला
तीरंदाजी, शूटिंग और टेबल टेनिस में भी जीते पदक
अन्य खेल स्पर्धाओं में भी विद्यालय के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। तीरंदाजी के अंडर-14 बालिका वर्ग में अनुष्का कुमारी ने कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक हासिल किया। टेबल टेनिस के अंडर-17 बालक वर्ग में आयुष कुमार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। इसके अलावा शूटिंग के अंडर-17 बालिका वर्ग में स्वाति कुमारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्राचार्य पीके झा ने विजेताओं को किया सम्मानित
खिलाड़ियों की इस सफलता पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। प्राचार्य पी. के. झा ने सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय के वरीय शारीरिक शिक्षक गोविंद झा, कौशल कुमार, स्वाति शिप्रा और निशा कुमारी ने भी सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।



