रांची : प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प दोहराया।
Read More : दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर भावुक हुए सीएम हेमंत सोरेन
इस अवसर पर केशव महतो कमलेश ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन का संपूर्ण जीवन झारखंड की पहचान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों तथा गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के सम्मान की लड़ाई को समर्पित रहा। उनका संघर्ष केवल अलग झारखंड राज्य के निर्माण तक सीमित नहीं था, बल्कि वे एक ऐसे राज्य का सपना देखते थे जहाँ हर व्यक्ति को सम्मान, न्याय और विकास का समान अवसर मिले।
दिशोम गुरु के विचारों पर आगे बढ़ रही महागठबंधन सरकार: केशव महतो
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य की महागठबंधन सरकार दिशोम गुरु के विचारों और जनकल्याणकारी सोच को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कांग्रेस पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा और महागठबंधन के सभी घटक दल सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के साझा संकल्प के साथ राज्य के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिशोम गुरु के बताए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए विचार प्रासंगिक
केशव महतो कमलेश ने कहा कि आज जब देश में संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सौहार्द को चुनौती देने की कोशिशें हो रही हैं, तब दिशोम गुरु का संघर्ष और उनके विचार पहले से भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। कांग्रेस पार्टी उनके संघर्षों, त्याग और जनसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सदैव तत्पर रहेगी। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अन्य उपस्थित नेताओं ने भी कहा कि दिशोम गुरु का योगदान झारखंड के इतिहास में अमिट रहेगा और आने वाली पीढ़ियाँ उनके त्याग व संघर्ष से प्रेरणा लेती रहेंगी।
इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, विभिन्न विभागों व प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से रवीन्द्र सिंह, सतीश पॉल मुंजनी, प्रदीप तुलस्यान, बिनय सिन्हा दीपू, कुमार गौरव, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, किशोर सहदेव, राजीव रंजन प्रसाद, तोसिफ, सुरेंद्र सिंह, सोनल शांति, केदार पासवान, सुनील सिंह, उज्जल तिवारी, पूर्णिमा पांडेय, मृदुल राज, मनोज कुमार, देबू चटर्जी, राकेश तिवारी, मृत्युंजय कुमार, शकील अख्तर, सुनील उरांव, मनीष राज, राजीव नारायण प्रसाद और प्रेम नाथ मुंडा शामिल थे।




