जमशेदपुर : जिले के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत मुस्लिम बस्ती निवासी मोहम्मद आफताब (जो अपराधियों के जानलेवा हमले और गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गए थे) की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। जमशेदपुर में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कोलकाता रेफर किया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। आफताब की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक आवास मुस्लिम बस्ती और आसपास के इलाकों में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Read More : हिंदपीढ़ी में असामाजिक तत्वों का तांडव : आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़, DSP की कार भी क्षतिग्रस्त
परिजनों और स्थानीय लोगों का फूटा गुस्सा, थाने का घेराव
आफताब की मौत की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक और परिजन बर्मामाइंस थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए थाने का घेराव किया। उग्र भीड़ ने पुलिस के सामने दो मुख्य मांगें रखीं – पहली, हत्या में शामिल सभी नामजद और अज्ञात अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और दूसरी, क्षेत्र में फल-फूल रहे अवैध नशे के कारोबार पर पूर्ण विराम लगाया जाए। स्थानीय लोगों का सीधा आरोप है कि इलाके में बढ़ता अवैध नशे का कारोबार ही ऐसी आपराधिक वारदातों की मुख्य वजह बन रहा है।
पुलिस का आश्वासन और क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात
थाने पर बढ़ते तनाव और हंगामे को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उग्र प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम (SIT) गठित कर दी गई है और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाने का भी भरोसा दिया गया। फिलहाल, इलाके में बने तनाव को देखते हुए बर्मामाइंस और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।




