रांची : रांची नगर निगम की हालिया कार्रवाई और किरायेदारों के बीच उत्पन्न अनिश्चितता को लेकर अपर बाजार के व्यापारियों ने शनिवार को चिंता और रोष व्यक्त किया। अग्रसेन भवन में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने भवन खाली कराकर मल्टी-स्टोरी भवन निर्माण की संभावित योजना पर चर्चा की। बैठक में 150 से अधिक व्यापारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान रांची नगर निगम किरायेदार संघ का गठन किया गया और सर्वसम्मति से मुकेश अग्रवाल को संघ का अध्यक्ष चुना गया।
Read More : रांची के सामुदायिक भवन होंगे व्यवस्थित और जनोपयोगी, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
वर्षों से कारोबार कर रहे व्यापारियों ने जताई चिंता
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम की प्रस्तावित कार्रवाई से लंबे समय से कारोबार कर रहे किरायेदारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। व्यापारियों के अनुसार, बाजार टांड़ में वर्ष 1960 से व्यापारी अपना कारोबार कर रहे हैं। उनका कहना है कि नगर निगम ने केवल जमीन उपलब्ध कराई थी, जबकि दुकानों का निर्माण व्यापारियों ने अपने स्तर से कराया था। इसके बाद से वे उसी स्थान पर व्यवसाय कर रहे हैं। व्यापारियों ने कहा कि किसी भी नई योजना या कार्रवाई से पहले वहां वर्षों से कारोबार कर रहे किरायेदारों के हितों और आजीविका से जुड़े मुद्दों पर विचार किया जाना चाहिए।
बकरी बाजार में पार्किंग की मांग उठी
बैठक के दौरान बकरी बाजार में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से क्षेत्र में पार्किंग स्थल विकसित करने की मांग की जा रही है, लेकिन नगर निगम की ओर से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई। व्यापारियों ने मांग की कि किसी भी नई योजना को लागू करने से पहले बकरी बाजार में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
तीन अगस्त को मंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 3 अगस्त को झारखंड चैंबर के नेतृत्व में रांची नगर निगम किरायेदार संघ का प्रतिनिधिमंडल झारखंड सरकार के नगर विकास विभाग के मंत्री से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल व्यापारियों की समस्याओं और मांगों से मंत्री को अवगत कराएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी व्यापारी एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे की रणनीति तैयार करेंगे और अधिक से अधिक किरायेदारों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक रूप से आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रांची नगर निगम की ओर से जारी नोटिस को हाईकोर्ट में चुनौती देने का भी निर्णय लिया गया है। उन्होंने सभी किरायेदारों से एकजुट रहने और आगामी बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
बैठक में कुणाल आजमानी, गोवर्धन गाड़ोदिया, मनीष सराफ, प्रेम कटारुका, अमित शर्मा, बिंदुल वर्मा, अंजय सरावगी, शंकर झा, ओम छापड़िया, ओम प्रकाश अग्रवाल, पवन पोद्दार, पवन शर्मा और अनीश बुधिया सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित थे।



