जमशेदपुर : झारखंड की विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर ने शनिवार को जिला DC कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला कार्यालय से पैदल मार्च निकाला और DC कार्यालय पहुंचकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से DC कार्यालय परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
Read More : जैश से कथित लिंक की जांच झारखंड तक पहुंची, साहिबगंज से युवती को साथ ले गई बंगाल STF
विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ता डीसी कार्यालय के मुख्य गेट पर चढ़ गए और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हालांकि पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के कारण पूरा प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रदर्शन के बाद भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने DC के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, जूनियर इंजीनियर और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं तथा पेपर लीक के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
भाजपा नेताओं ने मांग की कि भर्ती प्रक्रियाओं में कथित गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार दोषियों, बिचौलियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही योग्य अभ्यर्थियों को जल्द न्याय दिलाने और भविष्य की नियुक्ति प्रक्रियाओं को तकनीक आधारित, पारदर्शी तथा भ्रष्टाचार मुक्त बनाने की भी मांग की गई। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार उठ रहे सवालों से राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका कहना था कि सरकार भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने में विफल रही है। पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की।

भाजपा नेताओं ने कहा कि जब तक भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच पूरी नहीं होती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक पार्टी युवाओं के हित में अपना आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन में भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व जिला अध्यक्ष रामबाबू तिवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, सुबोध झा, गूजन यादव, विनोद सिंह, बबूआ सिंह, कुसुम पूर्ति, विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।




