जामताड़ा : भारतीय जनता पार्टी ने जामताड़ा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में विशाल आक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला समाहरणालय पहुंचकर डीसी एवं एसपी कार्यालय का घेराव किया और राज्य सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा का यह प्रदर्शन राज्य सरकार की कथित मनमानी नीतियों, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित रूप से झूठे मामले दर्ज कर लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के विरोध में आयोजित किया गया।
Read More : सखुआ महोत्सव-2026 हरित रांची की दिशा में ऐतिहासिक अध्याय बनेगा : महापौर
बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर लगाए कई आरोप
सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की जनता भ्रष्टाचार, कुशासन और प्रशासनिक विफलताओं से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा चुकी है और युवाओं का भविष्य अनिश्चितता में है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर झूठे मामलों में फंसाकर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मरांडी ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज को पुलिस कार्रवाई और कथित फर्जी मामलों के जरिए दबाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि भाजपा अन्याय, भ्रष्टाचार और दमनकारी राजनीति के खिलाफ जनता की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी। मरांडी ने राज्य सरकार पर आदिवासियों के शोषण और उनकी जमीन जबरन लेने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि अंचल, थाना और प्रखंड कार्यालयों में काम के नाम पर लोगों से पैसे मांगे जाने की शिकायतें मिल रही हैं और बिना पैसे के काम नहीं होने की स्थिति बनी हुई है।
“भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा” : बाबूलाल मरांडी#JamtaraBJPProtest #BabulalMarandi #HemantGovernment #JHLive @yourBabulal @BJP4Jharkhand pic.twitter.com/2zm9sNeeC3
— JH LIVE (@jhliveonline) July 31, 2026
बालू, आवास और स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य में बालू घाटों की नीलामी नहीं हो रही है, जिससे आम लोगों को घर बनाने के लिए बालू उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना प्रभावित हुई है और कई लोग अधूरे आवासों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर से बालू ढुलाई करने पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बाहरी पूंजीपतियों को कथित तौर पर छूट दी गई है। मरांडी ने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में जेएमएम-कांग्रेस से जुड़े लोग अवैध बालू कारोबार से लाभ कमा रहे हैं, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है।
उन्होंने हेमंत सरकार को स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विफल बताया। साथ ही कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी तथा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन को और तेज करेगी। इस अवसर पर पूर्व सांसद सुनील सोरेन, पूर्व विधायक सीता सोरेन, रणधीर सिंह, सत्यानंद झा ‘बाटुल’, जिला अध्यक्ष सुमित शरण सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




