रांची : भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) सह महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है।
Read More : रामकृपाल कंस्ट्रक्शन के ठिकानों पर आयकर विभाग का सर्वे, रांची और बेगूसराय कार्यालय में जांच
मिली जानकारी के अनुसार महिला थाना प्रभारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत एसीबी को मिली थी। शिकायत की शुरुआती जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
रिश्वत की रकम के साथ हिरासत में लिया
एसीबी की टीम ने आरोपी महिला थाना प्रभारी को रिश्वत की राशि के साथ हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पूछताछ के लिए एसीबी कार्यालय ले जाया गया। एसीबी की टीम मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
पुलिस विभाग में मची हलचल
महिला थाना प्रभारी की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई। एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, सरकारी पद का गलत इस्तेमाल कर रिश्वत लेने के आरोप में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी अधिकारी को विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।




