हजारीबाग में पुलिस और प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़, एक बदमाश जख्मी

जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास पुलिस और प्रिंस खान गैंग से जुड़े संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
प्रिंस खान गैंग

हजारीबाग: जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास पुलिस और प्रिंस खान गैंग से जुड़े संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग में एक संदिग्ध बदमाश पुलिस की गोली लगने से जख्मी हो गया, जबकि उसके अन्य साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जख्मी बदमाश को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस ने पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया। देर रात तक जंगल में कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी रहा।

Read More : JPSC गड़बड़ी मामला: CID ने सफल अभ्यर्थियों से मांगी OMR शीट की कॉपी

गुप्त सूचना के बाद शुरू किया गया अभियान

पुलिस सूत्रों के अनुसार हजारीबाग के एसपी अमन कुमार को इनपुट मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के कुछ सक्रिय सदस्य बड़कागांव इलाके में जमा हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के बाद एसपी ने विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। बड़कागांव थाना पुलिस के साथ आसपास के थाना क्षेत्रों और जिला पुलिस की संयुक्त टीमों को अलर्ट किया गया। संवेदनशील इलाकों में नाकेबंदी की गई और जंगल की ओर जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई।

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने की फायरिंग

बड़कागांव थानेदार दीपक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ जंगल में सर्च अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पुलिस की नजर कुछ संदिग्ध लोगों पर पड़ी। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस टीम के करीब पहुंचने से पहले ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं। इस दौरान एक संदिग्ध बदमाश गोली लगने से जख्मी हो गया। पुलिस ने जख्मी बदमाश को मौके से हिरासत में ले लिया, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए।

एनटीपीसी हाईवा पर फायरिंग के बाद से गैंग पर थी नजर

पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले एनटीपीसी की हाईवा गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना के बाद से प्रिंस खान गैंग की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। पुलिस को लगातार इनफार्मेशन मिल रही थी कि गैंग के सदस्य इलाके में फिर से सक्रिय हो रहे हैं और रंगदारी तथा फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने गैंग के संदिग्ध ठिकानों और सदस्यों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी थी।

जंगल की घेराबंदी कर चलाया गया सर्च ऑपरेशन

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर दी। अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया और कई टीमों को अलग-अलग दिशाओं में तलाशी के लिए भेजा गया। जंगल के रास्तों, ट्रांसपोर्टिंग रोड और आसपास के इलाकों में देर रात तक सर्च अभियान चलाया गया। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

जख्मी बदमाश से पूछताछ कर नेटवर्क की जानकारी जुटाएगी पुलिस

पुलिस जख्मी बदमाश से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों, उनके ठिकानों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से गैंग की गतिविधियों और फरार बदमाशों के बारे में अहम सुराग मिल सकते हैं। एसपी अमन कुमार ने मीडिया को बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आपराधिक गिरोह को जिले का माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी-अभी.