चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में पिछले कई घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गुवा, सारंडा, बड़ाजामदा, किरीबुरू और आसपास के क्षेत्रों में नदियां उफान पर हैं, जबकि कई निचले इलाकों में जलभराव से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लगातार बारिश के कारण सड़क संपर्क बाधित हो गया है और लोगों की दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। गुवा के बोकना स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप कारो नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी पर बने पुल के ऊपर करीब चार फीट ऊंचाई तक पानी बहने लगा, जिससे पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया। इसके कारण गुवा-बड़ाजामदा-किरीबुरू-चाईबासा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। कई यात्री घंटों तक पानी कम होने का इंतजार करते रहे, जबकि आवश्यक कार्य से निकलने वाले लोगों को वैकल्पिक लंबा रास्ता अपनाना पड़ा।
Read More : रांची अशोक नगर चोरी कांड में एक और गिरफ्तारी, 60 लाख के जेवरात बरामद
जलभराव से कई इलाकों में बढ़ी परेशानी
भारी बारिश का असर केवल कारो नदी तक सीमित नहीं रहा। सारंडा और बड़ाजामदा क्षेत्र में भी जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बड़ाजामदा के मिडिल स्कूल, फुटबॉल मैदान और आसपास की बस्तियों में पानी भर जाने से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। कई निचले इलाकों में घरों में पानी घुसना शुरू हो गया है, जिससे लोग अपने घरेलू सामान को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। करमपदा, छोटानागरा, गंगदा समेत सारंडा के कई गांवों में भी निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर तेज हवा और बारिश के कारण सड़क पर पेड़ गिर गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने स्वयं पेड़ों की टहनियां हटाकर रास्ता साफ करने का प्रयास किया, जबकि कई वाहन लंबे समय तक फंसे रहे।
स्थायी समाधान की उठी मांग
स्थानीय निवासी संतोष, रमेश हांसदा और अन्य लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान कारो नदी का जलस्तर बढ़ने से बोकना पुल डूब जाता है और सारंडा-बड़ाजामदा क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो जाती है। इसके बावजूद अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी योजना तैयार करने की मांग की है।




