रांची : देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शामिल यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की श्यामली शाखा ने गुरुवार को जवाहर विद्या मंदिर (JVM), श्यामली परिसर में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET)-2026 में सफल विद्यार्थियों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य सफल छात्रों का उत्साहवर्धन करना और अन्य विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।
Read More : रांची में 27वां सावन महोत्सव संपन्न, अग्रवाल सभा महिला समिति ने 4 बेस्ट स्टॉल किए सम्मानित
समारोह में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय एश्योरेंस प्रमुख नीरज कुमार कंधवे, श्यामली कॉलोनी शाखा प्रबंधक एशलीन कौर, बीआरएम रॉबिन इग्नेशियस लकड़ा सहित बैंक के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय की ओर से प्राचार्य बी. एन. झा, उप-प्राचार्य अनुपमा श्रीवास्तव, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
सफल विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन ने NEET-2026 में सफल विद्यार्थियों को पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और विशेष उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय एश्योरेंस प्रमुख नीरज कुमार कंधवे ने जेवीएम श्यामली को उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र बताते हुए सफल विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत और समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है तथा भविष्य में भी वे इसी तरह सफलता हासिल करें, यही शुभकामना है।
बैंक की पहल की विद्यालय ने की सराहना
जेवीएम श्यामली के प्राचार्य बी. एन. झा ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा को प्रोत्साहित करने की बैंक की सोच सराहनीय है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


