सांसद को केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दिया आश्वासन
रांची/ नई दिल्ली । गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने आज केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से नई दिल्ली में मुलाकात कर गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग संबंधी आवश्यकता की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से कहा कि जैना मोड से देवघर वाया बेरमो नवाडीह, डुमरी ,ससारखों, नारायणपुर मोड़, मधुबन गिरिडीह तक फोरलेन रोड के निर्माण किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गोविंदपुर एनएच-19 से गिरिडीह तक फोरलेन रोड निर्माण कराने के साथ -साथ एन एच 19 के डुमरी मोड़ के बी हाई स्कूल के सामने व आई.बी.पी गूंझाडिह मोड में फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाना भी आवश्यक है।
उन्होंने एन एच 19 में तोपचांची मानटांड मोड़ व कांडेडीह मोड़ व राजगंज के महेशपुर-1 पंचायत में फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराए जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि एन एच 18 अंतर्गत निचितपुर रेल गेट संख्या 3एसपीएल/3इ व सुनारडीह गेट संख्या 7एसपीएल/3टी फोरलेन सड़क के अनुरूप गेट की चौड़ाई नहीं है और सड़क संकरी है। यह मांग लंबे समय से की जा रही है।
कहा कि रेल गेट को दोनों जगह सड़क के अनुरूप ओवर ब्रिज बनाया जाने पर ही आवागमन सुविधाजनक हो सकेगा क्योंकि अक्सर वहां जाम और दुर्घटना होती रहती है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री को इस बात से अवगत कराया कि निचितपुर रेल गेट मे एनएचए आई व रेलवे अधिकारियों द्वारा सर्वे किया गया परंतु अंडरपास बनाकर छोड़ दिया गया जिससे हमेशा जाम रहता है। केंद्रीय मंत्री ने सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी को यह आश्वस्त किया कि वे इस मामले में संबंधित अधिकारियों को तलब कर जहां आवश्यकताओं की पूर्ति करेंगे, वहीं लंबित कार्य शीघ्र पूरा हो और जो भी समस्या है उसका समाधान शीघ्रता शीघ्र पूरा किया जाएगा।
चुटूपालू घाटी में गंडके मोड़ के पास एक ही जगह हर दूसरे दिन हो रही सड़क दुर्घटना : चंद्र प्रकाश
–
गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी चौधरी ने नितिन गडकरी से मिलकर कराया ध्यान आकृष्ट, की नया रूट की मांग, साथ ही गोला से रामगढ़ तक फोरलेन रोड के निर्माण पर चर्चा
गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी चौधरी ने आज गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री का ध्यान एन एच- 20 में रांची व रामगढ़ के बीच चुटूपालू घाटी में गंडके मोड़ के पास एक ही जगह लगभग पर हर दूसरे दिन हो रही सड़क दुर्घटना की ओर आकृष्ट कराया।
उन्होंने कहा कि इससे जान माल की काफी क्षति हो रही। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को इस बात से अवगत कराया की 7 वर्षों से मैं यह मांग कर रहा हूं लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है और आए दिन दुर्घटना हो रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि हो रही दुर्घटना को देखते हुए है कोई नया रूट इस सेक्सन पर बनाये जाने की जरूरत है और यह कार्य पूरी जांच और सुरक्षा मानकों का पालन कर शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री से गोला से रामगढ़ तक फोरलेन रोड का निर्माण कराए जाने पर चर्चा की और कहा कि इसका निर्माण किया जाना आवश्यक है। मिलने आए सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी की बातों को ध्यान पूर्वक सुनने व मांगों को देखने के बाद केंद्रीय मंत्री ने इस मामले में सकारात्मक व समुचित करवाई करने को लेकर आश्वस्त किया।



