नई दिल्ली। देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को पंजाब, हरियाणा और कई अन्य राज्यों के किसान महापंचायत के लिए दिल्ली कूच पर निकल पड़े हैं। दिल्ली के किसान घाट पर भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करवाने समेत किसानों की मांगो को लेकर विशाल महारैली का आयोजन किया जाएगा।
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। शंभू बॉर्डर पर भारी बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तथा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इलाके के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
राजधानी की सीमाओं पर की गई कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
दिल्ली में किसानों के प्रस्तावित कूच को देखते हुए राजधानी की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.। दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमापुरी स्थित अप्सरा बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल के साथ व्यापक बैरिकेडिंग की है। यह इलाका शाहदरा जिले के सीमापुरी थाना क्षेत्र में आता है, जहां आने-जाने वाले वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस का उद्देश्य किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और भारी वाहनों की दिल्ली में एंट्री को नियंत्रित करना है। किसान आज किसान घाट पहुंचकर प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। इसी को देखते हुए सभी प्रमुख बॉर्डरों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अप्सरा बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच समन्वय भी बनाया गया है। गाजियाबाद के एसीपी ने मौके का निरीक्षण किया। सीमा पर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को किसान घाट पर सुबह 8.30 बजे से होने वाले प्रदर्शन को देखते हुए एक एडवाइज़री जारी की। दिल्ली गेट, राजघाट क्रॉसिंग, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट DTC डिपो और IP फ्लाईओवर से ट्रैफिक को डायवर्ट किया जा सकता है।गाड़ी चलाने वालों को सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट DTC डिपो रोड, राजघाट DTC बाईपास रोड और आसपास के रास्तों से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि भीड़ के कारण वहां ट्रैफिक पर असर पड़ने की उम्मीद है।
शंभू बॉर्डर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. भारत-अमेरिका FTA के विरोध में किसानों के आज दिल्ली तक एक दिन के मार्च से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी है।



