रांची : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान, बीआईटी मेसरा और जैप-1 मैदान में विभिन्न प्रमंडलों की टीमों के बीच रोमांचक लीग मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए अगले चरण में जगह बनाने के लिए जोरदार मुकाबले किए।
Read More : रांची में ‘एकल ऑन व्हील्स’ कंप्यूटर बस की शुरुआत, ग्रामीणों को मिलेगा निःशुल्क डिजिटल प्रशिक्षण
विभिन्न वर्गों में टीमों का शानदार प्रदर्शन
अंडर-15 बालक वर्ग में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल (हजारीबाग) ने पलामू प्रमंडल को 8-0 से हराया। दूसरे मुकाबले में कोल्हान प्रमंडल ने दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल को 2-0 से मात दी। तीसरे मैच में संथाल परगना प्रमंडल ने दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल को 2-0 से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया। अंडर-17 बालिका वर्ग के पहले मुकाबले में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल (हजारीबाग) ने पलामू प्रमंडल को 14-0 के बड़े अंतर से हराया। दूसरे मैच में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल ने कोल्हान प्रमंडल को 9-0 से पराजित किया। तीसरे मुकाबले में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल ने संथाल परगना प्रमंडल को 1-0 से हराकर अगले दौर में अपनी जगह पक्की की।
अंडर-17 बालक वर्ग में भी रोमांचक मुकाबले
अंडर-17 बालक वर्ग के पहले मैच में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल ने कोल्हान प्रमंडल को 3-1 से हराया। दूसरे मुकाबले में पलामू प्रमंडल ने उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल को 2-1 से शिकस्त दी। दिन के अंतिम मुकाबले में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल ने संथाल परगना प्रमंडल को 4-0 से हराकर प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से आई टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। आगामी मैचों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।
Read More : थाना से चंद कदम दूर ज्वेलरी और शराब दुकानों को बनाया निशाना, लाखों की चोरी




