उधमपुर : जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में शनिवार सुबह अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की एक गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जखानी के पास हुए इस हादसे में उत्तर प्रदेश के पांच श्रद्धालु और वाहन चालक समेत कुल छह लोग जख्मी हो गए। सभी जख्मियों को सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) उधमपुर में भर्ती कराया गया है।
Read More : स्काईरूट एयरोस्पेस का विक्रम-1 रॉकेट लॉन्च, भारत के निजी स्पेस सेक्टर ने रचा इतिहास
यह दुर्घटना सुबह करीब पांच बजे उस समय हुई, जब श्रद्धालुओं को लेकर जा रही टोयोटा इनोवा सड़क किनारे खड़े एक डंपर से पीछे से टकरा गई। बताया गया कि चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
3,600 से अधिक श्रद्धालुओं के काफिले का हिस्सा थी गाड़ी
हादसे का शिकार हुई इनोवा उस काफिले का हिस्सा थी, जिसमें 3,600 से अधिक श्रद्धालु जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और सभी जख्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
उपराज्यपाल ने लिया हालचाल
घटना के बाद जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उधमपुर के DC और स्वास्थ्य अधिकारियों से बातचीत कर जख्मियों का हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जख्मियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Read More : भारतीय कार बाजार में बड़ा उलटफेर, Tata Motors ने Mahindra से छीना दूसरा स्थान




