रांची : रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने शुक्रवार को भू-संपदा शाखा के अधिकारियों के साथ विभिन्न वार्डों में निगम स्वामित्व की भूमि और सरकारी भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य निगम की जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराते हुए उसका जनहित में समुचित विकास सुनिश्चित करना था।
Read More : महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने में Glitz & Glam Exhibition की अहम भूमिका : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-22 के वार्ड पार्षद से प्राप्त सूचना के आधार पर अमन कम्युनिटी हॉल के निकट स्थित निगम की लगभग 34 डिसमिल भूमि का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि इस भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर कब्जा कर रखा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को उक्त भूमि के इन-सीटू (In-Situ) डेवलपमेंट का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि भूमि का नियोजित और जनहितकारी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
छोटा तालाब के पास अतिक्रमण हटाने के निर्देश
इसके बाद वार्ड संख्या-22 स्थित छोटा तालाब के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तालाब के समीप मार्ग पर अतिक्रमण पाया गया। इस पर अपर नगर आयुक्त ने रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम को शीघ्र अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।
चिरौंदी में विकास योजना तैयार करने पर जोर
निरीक्षण के क्रम में वार्ड संख्या-04 के चिरौंदी स्थित ओल्ड एज होम के समीप लगभग एक एकड़ जीएम-खास भूमि का भी निरीक्षण किया गया। अपर नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को निर्देश दिया कि क्षेत्रीय नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस भूमि पर जनउपयोगी विकास योजना तैयार की जाए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। निरीक्षण के दौरान संबंधित वार्डों के वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक, भू-संपदा शाखा एवं अभियंत्रण शाखा के पदाधिकारी तथा अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।




