देवघर : झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के सत्र 2025–27 की एकदिवसीय तृतीय कार्य समिति की बैठक 19 जुलाई को देवघर जिला मारवाड़ी सम्मेलन के आतिथ्य में जैन मंदिर, देवघर में आयोजित होगी। बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा के साथ भविष्य की कार्ययोजना पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा।
Read More : मारवाड़ी युवा मंच समर्पण शाखा ने अन्नपूर्णा सेवा का किया आयोजन, जरूरतमंदों के बीच बांटा भोजन
झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन एवं संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल करेंगे। संगठन को अधिक सशक्त बनाने, सेवा कार्यों के विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
संगठन की गतिविधियों और वित्तीय विषयों पर होगी चर्चा
बैठक में पिछली कार्य समिति की बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की जाएगी। इसके साथ ही प्रांतीय महामंत्री संगठन की गतिविधियों से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे। अंकेक्षित आय-व्यय का अनुमोदन भी बैठक के एजेंडे में शामिल है, जिससे संगठन की वित्तीय पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूत किया जा सके।
इसके अलावा सम्मेलन के संविधान संशोधन से संबंधित प्राप्त प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी और आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। संगठन के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष भी अपने अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे तथा संगठन को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव देंगे।
Read More : जामताड़ा मामले में FIR के आधार पर भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी हो : आलोक कुमार दूबे
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी होगी तय
बैठक में सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा गतिविधियों की आगामी रूपरेखा तैयार की जाएगी। विभिन्न जिलों से आने वाले प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित गतिविधियों, सुझावों और योजनाओं से कार्य समिति को अवगत कराएंगे, ताकि पूरे झारखंड में सम्मेलन की गतिविधियों का प्रभावी विस्तार सुनिश्चित किया जा सके।
प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने बताया कि बैठक में रांची से 20 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे, जबकि झारखंड के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।




