रांची : झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने गुरुवार को रांची में JCI Ranchi Udaan द्वारा आयोजित Glitz & Glam Exhibition का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और उनसे बातचीत कर उनके उत्पादों, नवाचारों तथा उद्यमिता से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली।
Read More : जामताड़ा मामले में FIR के आधार पर भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी हो : आलोक कुमार दूबे
मंत्री ने कहा कि यह प्रदर्शनी महिला उद्यमिता, स्थानीय प्रतिभाओं और स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, अपने उत्पादों के लिए नए बाजार उपलब्ध कराने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का प्रभावी अवसर प्रदान करते हैं।
महिला उद्यमिता को मिला सशक्त मंच
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि Glitz & Glam Exhibition एक प्रतिष्ठित और लंबे समय से आयोजित होने वाला कार्यक्रम है, जिसका सफल आयोजन JCI Ranchi Udaan की महिला सदस्य करती हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में महिला उद्यमिता की प्रेरणादायक झलक देखने को मिलती है, जहां महिलाएं अपने स्टार्टअप और नवाचारों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि ज्वेलरी, गारमेंट्स और होम डेकोर सहित विभिन्न उत्पादों के माध्यम से महिलाओं की रचनात्मकता और उद्यमशीलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिलता है। साथ ही ऐसे आयोजन स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने और अधिक लोगों तक पहुंच बनाने का अवसर भी उपलब्ध कराते हैं।
सरकार की योजनाओं पर भी दिया जोर
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
Read More : हाईकोर्ट का CCL को बड़ा आदेश, कर्मचारी को बकाया वेतन और पेंशन दें
उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजन भविष्य में अधिक से अधिक महिलाओं को नए उद्यम स्थापित करने, अपने सपनों को साकार करने तथा झारखंड की अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही उन्होंने JCI Ranchi Udaan की पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी पहल आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण को और मजबूत करेंगी।
इस अवसर पर JCI Ranchi Udaan की प्रेसिडेंट जेएफएम डॉ. प्रिया लखोटिया, सेक्रेटरी पूजा बुधिया, फाउंडर प्रेसिडेंट जीएफएस राखी जैन सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।




