रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने जामताड़ा में महिला और नवजात की मौत को दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील घटना पर राजनीति करने के बजाय मानवीय दृष्टिकोण और जिम्मेदारी का परिचय दिया जाना चाहिए।
Read More : अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित मुरी रेलवे स्टेशन का लोकार्पण : डॉ. प्रदीप वर्मा
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि सदर अस्पताल, जामताड़ा से मिली जानकारी के अनुसार जच्चा-बच्चा की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया था, लेकिन रास्ते में दोनों की मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा किया गया, डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ कथित अभद्रता की गई, जिससे मरीजों और उनके परिजनों में भय का माहौल बना।
FIR के आधार पर कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस घटना को राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मीडिया में आई खबरों के अनुसार भाजपा जिला अध्यक्ष सहित कुछ समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यदि प्रथम दृष्टया कानून का उल्लंघन हुआ है, तो दर्ज FIR के आधार पर निष्पक्ष जांच के साथ कानून के अनुसार गिरफ्तारी और कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
Read More : रोटरी क्लब ऑफ रांची की नई टीम ने संभाला पदभार, ललित त्रिपाठी बने अध्यक्ष
उन्होंने कहा कि अस्पताल राजनीति का मंच नहीं, बल्कि मरीजों के इलाज और सेवा का केंद्र है। ऐसे स्थानों पर हंगामा करना, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाना, महिला डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से कथित अभद्र व्यवहार करना तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है।
भाजपा पर लगाए आरोप
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि यदि मृतक के परिजनों द्वारा किसी प्रकार के दबाव या प्रलोभन के आरोप लगाए गए हैं, तो उनकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर लगातार राजनीति करती रही है और इस मामले में भी उसका निशाना स्वास्थ्य विभाग तथा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी हैं। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा गठित जांच समिति को राजनीतिक उद्देश्य से बनाई गई समिति बताया।
Read More : गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होंगे स्वामी सदानंद महाराज, 19 जुलाई को रांची आगमन
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उनकी पार्टी कानून के शासन, स्वास्थ्य सेवाओं की गरिमा, चिकित्सकों की सुरक्षा और आम जनता के हितों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि दोषी चाहे किसी भी दल का हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।




