रांची : रांची नगर निगम के अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को पीएचईडी और नगर निगम की जलापूर्ति शाखा के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं, वाटर लीकेज, खराब चापाकल, दूषित जलापूर्ति और अन्य शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि पिछले एक माह के दौरान वाटर लीकेज से संबंधित 163 शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया गया है। वहीं 386 खराब चापाकलों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू कराया गया है।
Read More : मोराबादी वेंडरों के पुनर्वास की तैयारी, टैगोर हिल के पास नए वेंडिंग स्थल का निरीक्षण
दूषित जलापूर्ति पर होगी प्वाइंट-टू-प्वाइंट जांच
वार्ड संख्या 18 समेत अन्य क्षेत्रों में दूषित पानी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अपर नगर आयुक्त ने पीएचईडी और नगर निगम की संयुक्त टीम को पूरे जलापूर्ति नेटवर्क की प्वाइंट-टू-प्वाइंट जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समस्या के वास्तविक कारणों का पता लगाकर उसका शीघ्र और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।
अवैध जल संयोजनों पर चलेगा विशेष अभियान
बैठक में पीएचईडी अधिकारियों को राइजिंग लाइन से किए गए अवैध जल संयोजनों को हटाने के लिए व्यापक स्तर पर माइकिंग कराने का निर्देश दिया गया। निर्धारित समयसीमा के बाद भी अवैध जल कनेक्शन नहीं हटाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उनके जल संयोजन काटने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही शहर के सभी वार्डों में विशेष धावा दल गठित कर अवैध जल संयोजनों की पहचान और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जलापूर्ति या वाटर लीकेज से संबंधित किसी भी शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-570-1235 पर संपर्क करें, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान किया जा सके। बैठक में नगर निगम के अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता, पीएचईडी के सहायक अभियंता तथा जलापूर्ति शाखा के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



