पूर्वी सिंहभूम : शहर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे दो और आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले के सभी 16 आरोपित अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। इसकी जानकारी बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने दी।
Read More : JPSC रिजल्ट में कथित धांधली पर युवा आजसू का विरोध मार्च
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में राघवेन्द्र कुमार उर्फ रविन्द्र कुमार उर्फ घेरे (40) और गणेश मछुवा (34) शामिल हैं। राघवेन्द्र ने मंगलवार को बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया, जबकि गणेश मछुवा को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
एसआईटी जांच में मिली सफलता
सिटी एसपी ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय आसूचना और अन्य प्रमाणों के आधार पर लगातार छापेमारी करते हुए मामले की जांच आगे बढ़ाई। उन्होंने बताया कि इससे पहले 14 नामजद और अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। शेष दो आरोपितों की तलाश जारी थी, जिन्हें अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
फरारी में इस्तेमाल स्कूटी भी बरामद
पुलिस जांच में सामने आया कि गणेश मछुवा ने मुख्य आरोपित विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेन्द्र उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में अहम भूमिका निभाई थी। उसकी निशानदेही पर घटना के बाद आरोपितों को फरार कराने और छिपाने में इस्तेमाल की गई टीवीएस एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, गणेश मछुवा के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अवैध शराब के कारोबार से जुड़े मामलों में वह दो बार जेल भी जा चुका है। सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने कहा कि दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ ही हिमांशु हत्याकांड के सभी 16 आरोपित कानून के शिकंजे में आ चुके हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




