रांची : रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ तथा महापौर रोशनी खलखो ने रविवार को पंडरा क्षेत्र में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए प्रस्तावित स्थायी व्यवस्था को लेकर संभावित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान पंडरा थाना के सामने स्थित खाली सरकारी भूमि और पंडरा पुल के बाद दाहिनी ओर स्थित खाली स्थान का जायजा लिया गया।
Read More : राम मंदिर चढ़ावा मामले पर कांग्रेस को सवाल पूछने का नैतिक अधिकार नहीं : आदित्य साहू
बताया गया कि ओटीसी मैदान से पंडरा फ्रेंड्स कॉलोनी तक बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स प्रतिदिन दुकान लगाकर आजीविका कमाते हैं। हालांकि, वर्षों से उन्हें स्थायी स्थान के अभाव सहित कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्ट्रीट वेंडर्स को सम्मानजनक व्यवस्था देने की पहल
नगर निगम परिषद की हालिया बैठक में सांसद संजय सेठ ने स्ट्रीट वेंडर्स के लिए स्थायी और सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने का सुझाव दिया था। उसी पहल को आगे बढ़ाते हुए संभावित स्थल का निरीक्षण किया गया। प्रस्तावित योजना के तहत इस स्थान को विकसित कर स्ट्रीट वेंडर्स के लिए सम्मानजनक और स्थायी व्यवस्था उपलब्ध कराने की तैयारी है, ताकि वे बिना किसी असुविधा के अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।
Read More : रांची में डालसा का विधिक जागरूकता अभियान, स्थायी लोक अदालत की दी गई जानकारी
श्रमिकों के लिए भी विकसित होंगी सुविधाएं
योजना के अनुसार, प्रस्तावित स्थल पर दैनिक श्रमिकों की सुविधा के लिए शेड और स्वच्छ शौचालय का भी निर्माण कराया जाएगा। इससे छोटे व्यवसायियों और श्रमिकों दोनों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान वार्ड 32 के पार्षद संजय कुमार, वार्ड 33 की पार्षद पुष्पा टोप्पो, वार्ड 34 के पार्षद अजीत कच्छप, अशोक मुंडा, सुबेश पांडेय, देवन होंडा, सुशील कुमार और मनोज चौधरी भी उपस्थित रहे।
Read More : RCDA चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न, राजकुमार फोगला बने अध्यक्ष




