कडप्पा : आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले में कोविड-19 से दो लोगों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। राज्य में कोविड-19 से आखिरी मौत के करीब चार साल बाद सामने आए इन मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले में अब तक आठ एक्टिव मरीजों की पुष्टि हुई है और संक्रमितों की निगरानी की जा रही है।
read more : ओमान तट के पास GFS गैलेक्सी जहाज पर हमला, 11 भारतीयों में से एक अब भी लापता
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए चार मरीजों में से तीन होम आइसोलेशन में हैं, जबकि एक मरीज में हल्के लक्षण होने के कारण उसे कडप्पा के एक अस्पताल के कोविड-19 स्पेशल वार्ड में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा चार अन्य एक्टिव मामले भी सामने आए हैं।
दो मरीजों की हुई मौत, जीनोम जांच शुरू
सूत्रों के मुताबिक, कडप्पा वायरोलॉजी लैब में आरटी-पीसीआर जांच के दौरान चार मरीज कोविड-19 संक्रमित पाए गए। सभी मरीज जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं और सभी ने कोविड-19 वैक्सीन की दो डोज ली थी। इनमें से एक व्यक्ति ने बूस्टर डोज भी लगवाई थी। दो मौतों में पहली मौत 28 जून को सीएमसी वेल्लोर में हुई। 60 वर्षीय मरीज को पहले तिरुपति के एसवीआईएमएस में भर्ती कराया गया था और बाद में बेहतर इलाज के लिए वेल्लोर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बाद में आरटी-पीसीआर जांच में वह कोविड-19 संक्रमित पाया गया।
read more : फीफा वर्ल्ड कप 2026 : सेमीफाइनल की चार टीमें तय, जानें कब और कहां होंगे मुकाबले
दूसरे मामले में 43 वर्षीय एक मरीज की इलाज के दौरान कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि होने के बाद मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, पहले मृतक को डायबिटीज, किडनी रोग समेत अन्य बीमारियां भी थीं, जबकि दूसरे मरीज का विस्तृत स्वास्थ्य रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, मास्क और जांच पर जोर
अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती लक्षणों के आधार पर संक्रमण के लिए ओमिक्रॉन वैरिएंट जिम्मेदार होने की आशंका है। इसकी पुष्टि के लिए मरीजों के सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (एनआईवी), पुणे में जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले में विशेष रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात कर दी हैं। प्रभावित क्षेत्रों में करीब 40 लोगों के सैंपल लिए गए, जिनमें से 18 की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि अन्य रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
read more : रिक्त पड़े पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया की तैयारी, 15 अगस्त को 25 हजार पदों पर बहाली की होगी घोषणा
जिला प्रभारी मंत्री सविता ने अधिकारियों को संक्रमण की रोकथाम के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में कोविड-19 गाइडलाइंस का सख्ती से पालन कराने, जागरूकता अभियान चलाने तथा अस्पतालों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कराने को कहा है। इसके अलावा बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण वाले लोगों की पहचान कर जरूरत पड़ने पर उन्हें आइसोलेशन में रखने के निर्देश दिए गए हैं। संक्रमितों के परिवार के सदस्यों की जांच कराने और प्रभावित इलाकों में सफाई तथा ब्लीचिंग अभियान तेज करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।




