पलामू : झारखंड के पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा गांव में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति से झगड़े के बाद एक महिला ने अपनी दो बेटियों को कुएं में फेंक दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। इसके बाद महिला ने खुद भी कुएं में छलांग लगा दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
Read More : मानगो में एक युवक की गोली मारकर हत्या
पुलिस के अनुसार, सरिता देवी का बुधवार रात अपने पति छोटेलाल प्रजापति से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उसने अपनी सास की गोद में खेल रही एक बेटी को छीनकर कुएं में फेंक दिया। इसके बाद दूसरी बेटी को भी कुएं में धक्का दे दिया।
तीसरी बेटी बच निकली, महिला ने भी लगाई छलांग
मिली जानकारी के अनुसार सरिता देवी तीसरी बेटी को भी कुएं में फेंकने की कोशिश कर रही थी, लेकिन बच्ची किसी तरह वहां से भाग निकली। इसके बाद महिला खुद भी कुएं में कूद गई। बच्ची और परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीणों की मदद से महिला को कुएं से बाहर निकाला गया, जबकि दोनों बच्चियों के शव बरामद किए गए।
Read More : NH-39 निर्माण के दौरान भारी बवाल: ग्रामीणों का पथराव, पुलिस का लाठीचार्ज, इलाके में निषेधाज्ञा लागू
हत्या का मामला दर्ज, पुलिस कर रही जांच
ग्रामीणों के बताया कि सरिता देवी और उसके पति के बीच अक्सर विवाद होता था। यह भी बताया गया कि तीन बेटियां होने के कारण महिला को ताने दिए जाते थे और प्रताड़ित किया जाता था। नावाबाजार थानेदार संजय कुमार यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया कि महिला ने अपनी दो बेटियों को कुएं में फेंक दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतक बच्चियों प्रिया कुमारी और डॉली कुमारी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
Read More : झारखंड हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: दशकों पुराने सीएनटी भूमि विवाद दोबारा नहीं खोले जा सकते




