रांची : रांची नगर निगम में लंबित न्यायिक मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को विधि शाखा की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने विधि शाखा के पदाधिकारियों और कर्मियों के साथ लंबित न्यायिक मामलों, विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं और उनके निष्पादन की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मामलों के समयबद्ध निपटारे के लिए दो अलग-अलग टीमों के गठन का निर्देश दिया।
Read More : पत्रकार अभिषेक भारती की रिहाई की मांग, लोकभवन के सामने भाजयुमो का धरना
सुप्रीम कोर्ट-हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट के लिए अलग-अलग टीमें
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि लंबित मामलों के प्रभावी और समयबद्ध निष्पादन के लिए विधि शाखा में दो टीमें बनाई जाएं। पहली टीम माननीय सर्वोच्च न्यायालय और माननीय उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों को देखेगी, जबकि दूसरी टीम सिविल न्यायालय से जुड़े मामलों के निष्पादन की जिम्मेदारी संभालेगी।
ईमेल और डाक से आने वाले पत्रों की होगी नियमित निगरानी
उन्होंने दोनों टीमों के विधि सहायकों को निर्देश दिया कि ईमेल, डाक और अन्य माध्यमों से प्रतिदिन प्राप्त होने वाले सभी पत्रों और न्यायिक सूचनाओं की प्राप्ति सुनिश्चित करें। साथ ही, इनका नियमित संधारण और अनुश्रवण भी किया जाए, ताकि कोई भी पत्र या न्यायिक मामला लंबित न रहे।
काउंटर एफिडेविट के मामलों को प्राथमिकता देने का निर्देश
नगर आयुक्त ने विशेष रूप से काउंटर एफिडेविट (Counter Affidavit) से संबंधित लंबित मामलों को बिना अनावश्यक देरी के निष्पादित करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी लंबित न्यायिक मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के जरिए जल्द निपटाने का निर्देश दिया। बैठक में सहायक नगर आयुक्त, विधि सहायक और विधि शाखा के अन्य कर्मी उपस्थित थे।



