खूंटी : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देश पर शनिवार को खूंटी में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 11 चिह्नित विद्यालयों के प्रभारी शिक्षकों समेत कुल 22 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बच्चों को यौन शोषण से सुरक्षित रखने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षित करना था। उद्घाटन सत्र में अभियान के उद्देश्यों के साथ स्कूलों में प्रभारी शिक्षकों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
Read More : परिसीमन बिल 2026 पर राष्ट्रपति मुर्मू की मंजूरी, लोकसभा में विचार की सिफारिश
प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे। इसके अलावा वे विधिक साक्षरता क्लब का संचालन करेंगे और जरूरत पड़ने पर बच्चों व उनके परिवारों को निःशुल्क कानूनी सहायता दिलाने में सहयोग करेंगे।
बाल अधिकार और पॉक्सो कानून की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के अलग-अलग सत्रों में अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी विद्यावती कुमारी ने बाल अधिकारों और बच्चों से उनकी उम्र के अनुरूप संवाद करने के तरीके बताए। उन्होंने शारीरिक सुरक्षा के साथ सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) राकेश कुमार मिश्रा ने पॉक्सो अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों को समझाया। उन्होंने कहा कि यौन शोषण के मामलों में पीड़ित बच्चे की पहचान गोपनीय रखना बेहद जरूरी है। बच्चों को दोषी ठहराने, उनसे बार-बार पूछताछ करने और उनकी पहचान सार्वजनिक करने से बचना चाहिए।
साइबर ग्रूमिंग और सेक्सटॉर्शन पर भी हुई चर्चा
पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ने पुलिस पदाधिकारी के साथ साइबर अपराध से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। इस दौरान ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर ग्रूमिंग, सेक्सटॉर्शन और पुलिस की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष किशोर पुलिस इकाई की जिम्मेदारियों के बारे में भी शिक्षकों को बताया गया। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष प्रीति मैरी मुंडरी ने जरूरतमंद बच्चों की पहचान करने और उनके खुलासे पर संवेदनशीलता के साथ प्रतिक्रिया देने के तरीके समझाए। वहीं, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी मो. अल्ताफ खान ने ऐसे मामलों की सूचना पुलिस, बाल कल्याण समिति और जिला विधिक सेवा प्राधिकार तक पहुंचाने की प्रक्रिया बताई। उन्होंने विद्यालय स्तर पर गोपनीय अभिलेख रखने के तरीकों की भी जानकारी दी।
प्रशिक्षित शिक्षकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखेगा प्राधिकार
प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन खुली चर्चा और प्रतिभागियों के सुझावों के साथ हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने बताया कि आने वाले महीनों में प्रशिक्षित शिक्षकों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा, ताकि विद्यालयों में अभियान की गतिविधियां जारी रहें। प्राधिकार ने अभिभावकों, शिक्षकों और आम लोगों से बाल शोषण की घटनाओं की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है। इसके लिए चाइल्डलाइन हेल्पलाइन नंबर 1098 और नालसा विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। प्राधिकार ने स्पष्ट किया कि बाल शोषण के पीड़ित बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


