पश्चिमी सिंहभूम : जिले में अवैध शराब के कारोबार और खनिज संपदा के अवैध दोहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है। शनिवार को जिला समाहरणालय के सभागार में DC मनीष कुमार और SP अमित रेणु की संयुक्त अध्यक्षता में उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक और जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के साथ अवैध खनन, खनिजों के परिवहन तथा भंडारण पर रोक लगाने के लिए अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। अधिकारियों को आगे की कार्रवाई में तेजी लाने और नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
Read More : खूंटी के आरसी मिशन स्कूल में वार्षिक समारोह, विधायक सुदीप गुड़िया हुए शामिल
अवैध शराब के कारोबार पर बढ़ेगी निगरानी
DC मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित जांच और छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने और प्राकृतिक संसाधनों का अवैध दोहन करने वालों के खिलाफ किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। ऐसे लोगों की पहचान कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उत्पाद विभाग की समीक्षा के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों, ढाबों, लाइन होटलों, हाट-बाजारों और जंगल से सटे इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए रात्रि गश्ती और औचक जांच अभियान तेज करने को कहा गया।
DC-SP ने संयुक्त छापेमारी का दिया निर्देश
SP अमित रेणु ने पुलिस और उत्पाद विभाग को संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए खुफिया सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया। इसके अलावा खुदरा शराब दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और निर्धारित दर से अधिक कीमत पर शराब बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
अवैध खनन और खनिज परिवहन पर भी होगी सख्ती
जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में नदी घाटों, संवेदनशील इलाकों और खनिज परिवहन के प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाने का निर्णय लिया गया। बिना वैध कागजात खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों की जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया। इसके साथ ही अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध भंडारण में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।


