कोलकाता : सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) में एक बार फिर तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। शनिवार सुबह करीब 6 बजे कैंपस में पुलिस की कार्रवाई के बाद छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की खबर सामने आई। छात्रों का दावा है कि 300 से अधिक पुलिसकर्मी कैंपस में दाखिल हुए थे। इनमें कई पुलिसकर्मियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। छात्रों के मुताबिक, पुलिस की निगरानी में अस्थायी धरना स्थल से फर्नीचर और अन्य सामान हटाया गया। उनका दावा है कि यह पूरा सामान संस्थान की संपत्ति था। इसके बावजूद सामान को दो छोटे पिकअप वैन में लादकर कैंपस से बाहर ले जाया गया।
Read More : अनंत सिंह का ऐलान : 4 दिसंबर को करेंगे सरेंडर, बेटे की सियासत पर भी दिया बयान
पुलिस कार्रवाई का विरोध करने पर झड़प का आरोप
छात्रों का आरोप है कि जब उन्होंने धरना स्थल से सामान हटाने का विरोध किया, तो पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई। इस दौरान कुछ छात्रों के साथ मारपीट और बल प्रयोग किए जाने का दावा किया गया है। वहीं, छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की का भी आरोप लगाया गया। कुछ छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की तस्वीरें और वीडियो बनाने के दौरान उनके मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की गई। एक छात्र ने कहा, “उन्होंने हमारे फोन तक छीनने की कोशिश की। यह हमला बिना किसी उकसावे के किया गया।” छात्रों के अनुसार, सुबह 7:30 बजे तक पूरे कैंपस में पुलिस की तैनाती रही। उनका दावा है कि पुलिस ने उन्हें हॉस्टल से मुख्य द्वार की ओर जाने से रोका। इस वजह से उन्हें कैंपस से बाहर निकलने में परेशानी हुई। छात्रों ने यह भी कहा कि पुलिस की मौजूदगी के कारण वे आपस में बातचीत और संपर्क नहीं कर पा रहे थे।
SRFTI प्रशासन ने पुलिस कार्रवाई पर क्या कहा?
इस पूरे मामले पर SRFTI प्रशासन ने भी बयान जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि छात्रों का एक वर्ग पिछले एक महीने से अधिक समय से कैंपस में अवैध रूप से धरना दे रहा था। प्रशासन के मुताबिक, अदालत के हस्तक्षेप और कोलकाता पुलिस की मदद से अनधिकृत धरना स्थल को हटाया गया है। प्रशासन ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की आड़ में कैंपस में कई तरह की गतिविधियां होने का भी आरोप लगाया है। बयान में कहा गया है कि धरना स्थल पर आग जलाना, तेज आवाज में संगीत बजाना और दिनभर के साथ देर रात तक पार्टियां करना जैसी गतिविधियां हो रही थीं। इसके अलावा कर्मचारियों और शिक्षकों को डराने के लिए बाहरी लोगों को कैंपस में बुलाने तथा शराब और नशीले पदार्थों के सेवन के आरोप भी लगाए गए हैं। प्रशासन ने इन्हीं घटनाओं को धरना स्थल हटाने की वजह बताया है।
27 सितंबर से जारी है छात्रों और प्रशासन के बीच गतिरोध
SRFTI में छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर 27 सितंबर से ही गतिरोध बना हुआ है। प्रदर्शनकारी छात्रों और संस्थान प्रशासन के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने विशेष निर्देश जारी कर 11 दिसंबर तक शैक्षणिक गतिविधियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, शनिवार तड़के धरना स्थल हटाने के लिए हुई पुलिस कार्रवाई ने कैंपस में एक बार फिर तनाव बढ़ा दिया है।


