रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) ने अपने अधिकारियों की प्रबंधकीय और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) रांची के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किया है। शुक्रवार को हुए इस समझौते के तहत CCL के विभिन्न विषयों और ग्रेड के कुल 240 अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिकारियों की प्रबंधकीय दक्षता, रणनीतिक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और नेतृत्व कौशल को मजबूत करना है।
Read More : स्थापना दिवस पखवाड़े पर खूंटी में रक्तदान शिविर, 12 यूनिट रक्त किया गया संग्रह
240 अधिकारियों को मिलेगा प्रबंधकीय प्रशिक्षण
इस पहल के तहत CCL के विभिन्न विभागों और ग्रेड के 240 अधिकारियों को व्यवस्थित प्रबंधकीय विकास कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों को बदलती व्यावसायिक परिस्थितियों के अनुरूप काम करने और नई चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जाएगा। वर्तमान में कोयला बाजार का परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। ऐसे में अधिकारियों की रणनीतिक सोच, प्रबंधकीय प्रभावशीलता और निर्णय लेने की दक्षता विकसित करना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
CCL और IIM रांची के बीच पहली संस्थागत साझेदारी
CCL के लिए इस समझौते को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। किसी प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान के साथ संस्थागत साझेदारी के माध्यम से अधिकारियों की प्रबंधकीय और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने की दिशा में कंपनी की यह अपनी तरह की पहली पहल है। इस सहयोग से अधिकारियों को भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप खुद को तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही कंपनी की संगठनात्मक दक्षता को भी मजबूती मिलेगी।
MoU हस्ताक्षर समारोह में ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में CCL के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक, महाप्रबंधक (विधि) जोबी वी. पी., (श्रमशक्ति/एनईई) कविता गुप्ता, महाप्रबंधक (का. एवं औ. सं.) पल्लब चक्रवर्ती और निदेशक वित्त के तकनीकी सचिव संजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, IIM रांची की ओर से Executive Education and Consulting (EEC) के अमित सचान अपनी टीम के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।
विकास कुमार सिंह ने किया पूरी प्रक्रिया का समन्वय
इस MoU की संकल्पना तैयार करने, दोनों संस्थानों के बीच समन्वय और क्रियान्वयन से लेकर हस्ताक्षर समारोह के आयोजन तक की पूरी प्रक्रिया का समन्वय CCL के मुख्य प्रबंधक (एचआरडी) विकास कुमार सिंह ने किया। CCL और IIM रांची का यह सहयोग भविष्य के लिए सक्षम नेतृत्व तैयार करने और संगठनात्मक दक्षता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी के सतत विकास और दीर्घकालिक उत्कृष्टता के लक्ष्यों को हासिल करने में भी यह पहल उपयोगी होगी।



