रांची: गौमाता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से संपूर्ण देश में चलाए जा रहे ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत आगामी 17 दिसंबर 2026 को रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में एक विशाल जनसंकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में झारखंड के विभिन्न जिलों से 50 हजार से अधिक गौसेवकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गौभक्तों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में 50 से अधिक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए समाज को एकजुट होकर आगे आने की आवश्यकता है
इसी क्रम में श्री माहेश्वरी भवन, रांची में सामाजिक, धार्मिक एवं विशिष्ट व्यक्तियों तथा गौसेवकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पथमेडा से अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए राधा वत्स महाराज ने की। उन्होंने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं सनातन जीवन मूल्यों का अभिन्न अंग हैं। गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए समाज को एकजुट होकर आगे आने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर 2026 को देशव्यापी स्तर पर एक बड़ा जनसंकल्प प्रस्तुत किया जाएगा। अभियान की प्रमुख मांगों में गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, गौमाता के संरक्षण के लिए विशेष केंद्रीय कानून का निर्माण तथा गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा प्रदान करना शामिल है। इन मांगों के समर्थन में देशभर से 51 करोड़ लोगों के हस्ताक्षर एकत्रित कर माननीय राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुत करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
देश के सभी राज्यों एवं 36 प्रदेशों की राजधानियों में एक साथ इस अभियान के माध्यम से जनभावनाओं को सरकार तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। इसी कड़ी में झारखंड की राजधानी रांची में विशाल जनसहभागिता के साथ यह आयोजन होगा।
बैठक में उपस्थित गौसेवकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आयोजन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लिया। आयोजन स्थल की व्यवस्था, यातायात एवं पार्किंग, भोजन, प्रचार-प्रसार, सुरक्षा तथा प्रशासनिक समन्वय सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन की अलग-अलग व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि गौमाता के सम्मान, सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए समाज की सामूहिक आवाज है
बैठक का संचालन करते हुए अभियान से जुड़े मुकेश काबरा ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि गौमाता के सम्मान, सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए समाज की सामूहिक आवाज है। उन्होंने रांची सहित पूरे झारखंड के गौभक्तों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से 17 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में प्रभात तारा मैदान पहुंचकर इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।
बैठक में ये रहे शामिल
राधा वत्स महाराज, अभय आश्रय दास, मुकेश काबरा, शिव शंकर साबू, वासुदेव भाला, विजय छापड़िया, डॉ. सौरभ चौधरी, विष्णु कुमार, अमित चौधरी, निशांत पोद्दार, रोहित कटारुका,आनंद श्रीवास्तव,प्रमोद सारस्वत, श्रबन जाजोदिया, विकास सिंह,रूपेश भाला, अजय शर्मा, प्रणव, अशोक, घनश्याम जी सहित बड़ी संख्या में गौसेवक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
also read : अब चिप्स-बिस्किट के पैकेट पर लगेगा लाल निशान, सुप्रीम कोर्ट का FSSAI को बड़ा आदेश



