रांची: रांची शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में रांची नगर निगम द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। रातू रोड चौक एवं किशोरी यादव चौक के आसपास लगने वाले यातायात दबाव को कम करने के उद्देश्य से नागा बाबा खटाल वेजिटेबल मार्केट के समीप निगम की भूमि पर सुव्यवस्थित ऑटो स्टैंड विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने से ऑटो चालकों को निर्धारित पड़ाव मिलेगा, वहीं यात्रियों को सड़क पर अव्यवस्थित रूप से खड़े ऑटो के बीच परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रस्तावित स्टैंड में 300 से अधिक ऑटो के खड़े होने की क्षमता
इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निर्माणाधीन ऑटो स्टैंड का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। लगभग 1.80 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस परिसर को एक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक परिवहन केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है। परियोजना के तहत पूरे परिसर में आरसीसी कार्य कराया जा रहा है। ऑटो के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए वेजिटेबल मार्केट की ओर से प्रवेश तथा परिसर के पिछले हिस्से से निकास की व्यवस्था की जा रही है। प्रस्तावित स्टैंड में 300 से अधिक ऑटो के खड़े होने की क्षमता होगी।
यात्री सुविधाओं और व्यवस्थित परिचालन पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि ऑटो स्टैंड का विकास केवल पार्किंग स्थल के रूप में नहीं, बल्कि यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए किया जाए। उन्होंने परिसर में यात्री शेड, पेयजल एवं समुचित ड्रेनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ऑटो के निर्धारित पड़ावों की स्पष्ट मार्किंग एवं नंबरिंग कराने का निर्देश दिया, ताकि ऑटो का परिचालन निर्धारित स्थानों से ही हो और परिसर में अनावश्यक अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
नागरिकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार करने का भी निर्देश
परिसर की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कराने तथा नागरिकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार करने का भी निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि निर्माण कार्य स्वीकृत डिजाइन एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि भविष्य में इसके संचालन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नववर्ष के अवसर पर इस सुविधा को शहरवासियों को समर्पित करने की तैयारी
नगर आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए 10 दिसंबर तक इसे पूर्ण करने का निर्देश दिया। प्रयास है कि नववर्ष के अवसर पर इस सुविधा को शहरवासियों को समर्पित किया जा सके।
रांची नगर निगम की यह पहल शहर में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक अनुशासित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। ऑटो के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध होने से सड़क पर अनावश्यक ठहराव एवं अव्यवस्थित पार्किंग में कमी आएगी। साथ ही यात्रियों, विशेषकर महिलाओं एवं अन्य नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित तरीके से ऑटो उपलब्ध हो सकेंगे।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार, सहायक अभियंता, नगर प्रबंधक, कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे
also read : नगर आयुक्त ने नागा बाबा सब्जी बाजार में स्थापित बायोडिग्रेडेबल पॉलीबैग निर्माण इकाई का किया निरीक्षण



