झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे विभु बाखरू, 27 नवंबर को जस्टिस एमएस सोनक को फुलकोर्ट फेयरवेल

रांची: झारखंड उच्च न्यायालय को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति विभु बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने

हाईकोर्ट
झारखंड हाईकोर्ट

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची: झारखंड उच्च न्यायालय को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति विभु बाखरू को झारखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति महेश शरदचंद्र सोनक 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके सम्मान में इसी दिन हाईकोर्ट परिसर में फुलकोर्ट फेयरवेल रेफरेंस आयोजित किया जाएगा।

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक के सम्मान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम दोपहर 1:45 बजे हाईकोर्ट परिसर स्थित कोर्ट नंबर एक में शुरू होगा। गौरतलब है कि झारखंड में पूर्णकालिक मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम और भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर आग्रह किया था।

नवंबर 2028 तक रहेगा कार्यकाल

न्यायमूर्ति विभु बाखरू की नियुक्ति की सिफारिश के बाद झारखंड हाईकोर्ट को अनुभवी न्यायिक नेतृत्व मिलने का रास्ता साफ हुआ है। उनका निर्धारित सेवा कार्यकाल 1 नवंबर 2028 तक है। ऐसे में यदि वह झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पदभार संभालते हैं तो राज्य को करीब दो साल तक उनका नेतृत्व मिलेगा।

न्यायमूर्ति बाखरू को वाणिज्यिक, कर और कॉर्पोरेट कानूनों का विशेषज्ञ माना जाता है। झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध औद्योगिक राज्य है। यहां खनन, प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों के साथ कॉर्पोरेट मामलों से जुड़े कई कानूनी विवाद सामने आते हैं। ऐसे में उनके कानूनी अनुभव का लाभ इन मामलों के निस्तारण में मिल सकता है।

नागपुर में जन्म, दिल्ली में हुई पढ़ाई

न्यायमूर्ति विभु बाखरू का जन्म 2 नवंबर 1966 को महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था। हालांकि, उनका बचपन और शुरुआती शिक्षा दिल्ली में हुई। उन्होंने नई दिल्ली के दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड से स्कूली शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बीकॉम ऑनर्स की डिग्री हासिल की।

वाणिज्य की पढ़ाई के बाद उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंसी की परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्ष 1989 में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) से सीए की अंतिम परीक्षा पास की। इसके बाद कानून के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए 1990 में दिल्ली विश्वविद्यालय के लॉ सेंटर-1 से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की।

सुप्रीम कोर्ट से दिल्ली हाईकोर्ट तक वकालत का सफर

न्यायमूर्ति बाखरू ने वर्ष 1990 में दिल्ली बार काउंसिल में पंजीकरण के साथ वकालत शुरू की थी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और कंपनी लॉ बोर्ड में वाणिज्यिक, कर और कॉर्पोरेट कानूनों से जुड़े मामलों की पैरवी की। उनकी विशेषज्ञता को देखते हुए जुलाई 2011 में उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता नामित किया गया।

अप्रैल 2013 में उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया। करीब 12 वर्षों के न्यायिक कार्यकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण संवैधानिक और वाणिज्यिक मामलों की सुनवाई की। दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 तक उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी भी संभाली।

इसके बाद 19 जुलाई 2025 को उन्होंने कर्नाटक हाईकोर्ट के 35वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। अब सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद उनके झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनने का रास्ता खुला है।

also read : झारखंड विधानसभा विशेष सत्र : राधाकृष्ण किशोर ने सदन में नए सिरे से SIR कराने की मांग उठाई

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *