पटना: पटना हाईकोर्ट ने भ्रष्टाचार के एक मामले में मुजफ्फरपुर के सरैया प्रखंड के तत्कालीन अंचलाधिकारी नारायण प्रसाद की याचिका को खारिज कर दिया। अर्जी खारिज होने के कारण उन्हें ट्रायल का सामना करना पड़ेगा। जस्टिस चंद्र शेखर झा की एकलपीठ ने नारायण प्रसाद की ओर से दायर अर्जी पर सुनवाई के बाद उसे खारिज कर दिया।
also read : JMM में अनुशासनहीनता पर कार्रवाई, चार जिला समितियों से जवाब तलब
ये मामला निगरानी कांड संख्या 84/2010 से संबंधित है। आरोप है कि याचिकाकर्ता ने हल्का कर्मचारी की रिपोर्ट के आधार पर गलत दखल-कब्जा प्रमाण पत्र जारी कर रवीन्द्र प्रसाद सिंह को कृषि ऋण दिलवाया, जिससे शिकायतकर्ता शैलेंद्र कुमार को नुकसान हुआ।
जांच के बाद आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471, 120बी और भ्रष्टाचार कानून की धारा 7, 8, 13(2) आर/डब्लू 13(1)(डी) के तहत आरोप पत्र दाखिल की गई। आवेदक की ओर से दलील पेश की गई कि अंचलाधिकारी ने सिर्फ कर्मचारी की रिपोर्ट को फॉरवर्ड किया था, लोन ब्याज सहित लौटा दिया गया। यही नहीं वे 2013 में ही सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
पक्षों की ओर से पेश दलील की सुनने के बाद कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 482 के तहत किसी केस का मिनी ट्रायल l नहीं हो सकता। कोर्ट ने कहा कि रिपोर्ट सही थी या गलत, इसका फैसला ट्रायल में हो सकता है।
कोर्ट ने कहा कि सेवानिवृत्त होने के बाद केस चलाने की अनुमति की जरूरत नहीं है। 2013 में सेवानिवृत्त हुए और 2015 में उनके खिलाफ संज्ञान लिया गया।
ऐसे में पीसी कानून की धारा 19 के तहत केस चलाने की अनुमति की जरूरत नहीं है। कोर्ट ने कहा कि अवैध लाभ के लिए पद का इस्तेमाल किये जाने पर दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 197 के तहत संरक्षण नहीं मिल सकता। कोर्ट ने कहा कि लोन वापस कर देने से अपराध समाप्त नहीं होता
कोर्ट ने अर्जी को खारिज करते हुए ट्रायल कोर्ट को कानून के तहत आगे की कार्यवाही जारी रखने का निर्देश दिया।



