रांची : रांची के लोगों को अब साफ-सुथरा और स्वास्थ्य मानकों के मुताबिक मांस उपलब्ध कराने की तैयारी तेज हो गई है। रांची नगर निगम कांके स्थित अत्याधुनिक स्लॉटर हाउस को दोबारा चालू करने में जुट गया है। इसके लिए 5 दिसंबर 2026 से ट्रायल रन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल स्लॉटर हाउस परिसर में साफ-सफाई, घास और झाड़ियों की कटाई, पेड़ों की छंटाई, मशीनों की मरम्मत और बिजली व्यवस्था ठीक करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। नगर आयुक्त के निर्देश पर निगम की अलग-अलग टीमें इस काम में लगी हुई हैं। कोशिश है कि तय समय तक स्लॉटर हाउस को पूरी तरह तैयार कर लिया जाए, ताकि इसका ट्रायल शुरू किया जा सके।
Read More : रांची जनता दरबार में DC का एक्शन, सिल्ली अंचल के कर्मी का वेतन रुका
परिसर से घास-झाड़ियों की हो रही सफाई
ट्रायल रन से पहले स्लॉटर हाउस परिसर और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर घास और झाड़ियों की कटाई कराई जा रही है। परिसर में लगे पेड़ों की भी जरूरत के मुताबिक छंटाई हो रही है, ताकि जगह साफ-सुथरी और व्यवस्थित दिखे। इसके अलावा पूरे परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। झाड़ू लगाने के साथ हाई प्रेशर वाटर गन से फर्श और दूसरे हिस्सों की धुलाई की जा रही है। कचरे का नियमित उठाव भी कराया जा रहा है। सफाई का पूरा काम सुपरवाइजर की निगरानी में हो रहा है।
बिजली से लेकर मशीनों तक की मरम्मत जारी
स्लॉटर हाउस को दोबारा चालू करने के लिए बिजली व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी को विद्युत विभाग के साथ तालमेल बनाकर सभी जरूरी काम प्राथमिकता से पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। इससे वहां लगी मशीनों और दूसरे उपकरणों को बिना परेशानी चलाया जा सकेगा। वहीं, स्लॉटर हाउस में लगी अत्याधुनिक मशीनों को भी दोबारा चालू करने की तैयारी है। इंजीनियरिंग टीम जरूरी मैकेनिकल मरम्मत कर रही है। सभी उपकरणों की कार्यक्षमता जांचने और उन्हें दुरुस्त करने पर खास ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्य भवन की पेंटिंग और दूसरे जरूरी सिविल काम भी कराए जा रहे हैं। निगम की टीम भवन और पूरे परिसर को दोबारा संचालन के लायक बनाने में जुटी है।
5 दिसंबर से ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी
सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. आनंद शेखर शा ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश पर 5 दिसंबर से स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, मशीनों की मरम्मत और सिविल से जुड़े सभी काम तय समय में पूरे करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्लॉटर हाउस दोबारा चालू होने के बाद रांची शहर के सभी मांस दुकानदारों को तय व्यवस्था के तहत यहीं मांस कटवाना होगा। निगम इस नियम का सख्ती से पालन कराएगा। दुकानदारों को यहां तय प्रक्रिया के मुताबिक मांस की कटाई करानी होगी। इसके बाद ही जरूरी साफ-सफाई और स्वास्थ्य मानकों का ध्यान रखते हुए मांस की बिक्री की जा सकेगी।
शहर में अवैध और गंदे तरीके से मांस बिक्री पर लगेगी रोक
कांके स्लॉटर हाउस दोबारा शुरू होने से शहर में मांस की कटाई और बिक्री की व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। लोगों को साफ-सुथरा और हाइजीनिक मांस उपलब्ध कराने का रास्ता भी साफ होगा। इसके साथ ही बिना नियम-कायदे के और गंदगी के बीच चल रही मांस दुकानों पर भी नियंत्रण रखने में मदद मिलेगी। रांची नगर निगम का कहना है कि शहरवासियों की सेहत और साफ-सफाई को ध्यान में रखते हुए मांस की कटाई और बिक्री की पूरी व्यवस्था को सुरक्षित और नियमों के मुताबिक बनाया जाएगा।



