रांची : सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी की जयंती को प्रकाश पर्व और गुरुपर्व के रूप में पूरे श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाता है। इस खास मौके पर देशभर के गुरुद्वारों को सजाया जाता है। जगह-जगह कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन होता है। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारे में मिलने वाला कड़ा प्रसाद भी खास महत्व रखता है। घी में भुने आटे की खुशबू और इसका मुलायम स्वाद हर किसी को पसंद आता है। यही वजह है कि कई लोग इसे घर पर भी बनाना चाहते हैं। अच्छी बात यह है कि कड़ा प्रसाद बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। गेहूं का आटा, देसी घी, चीनी और पानी से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। बस आटे को अच्छी तरह भूनना और चीनी का पानी सही तरीके से मिलाना जरूरी है। आइए जानते हैं कड़ा प्रसाद बनाने की आसान रेसिपी।
Read More : रांची में पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आगाज, 200 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
कड़ा प्रसाद बनाने के लिए जरूरी सामग्री
इस पारंपरिक प्रसाद को बनाने के लिए आपको सिर्फ चार चीजों की जरूरत होगी।
-
गेहूं का आटा – 1 कप
-
देसी घी – 1 कप
-
चीनी – 1 कप
-
पानी – 3 कप
इस रेसिपी में आटा, घी और चीनी बराबर मात्रा में लिए जाते हैं। वहीं, पानी की मात्रा प्रसाद को सही टेक्सचर देने में मदद करती है।
घर पर ऐसे बनाएं कड़ा प्रसाद
स्टेप 1: सबसे पहले चीनी का पानी तैयार करें
एक पैन में 3 कप पानी डालें। इसमें 1 कप चीनी मिलाकर गैस पर गर्म करें। इसे लगातार चलाते रहें, ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए। पानी में उबाल आने के बाद गैस धीमी कर दें और इस मिश्रण को गर्म ही रखें।
स्टेप 2: कड़ाही में गर्म करें देसी घी
अब एक भारी तले वाली कड़ाही लें और उसमें 1 कप देसी घी डालकर गर्म करें। घी गर्म हो जाए तो इसमें 1 कप गेहूं का आटा डाल दें।
स्टेप 3: आटे को अच्छी तरह भूनें
आटे को धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। ध्यान रखें कि आटा कड़ाही के तले में न लगे और उसमें गांठें न बनें। जब आटे का रंग सुनहरा भूरा होने लगे और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे, तो समझ लें कि आटा अच्छी तरह भुन चुका है। इसमें करीब 12 से 15 मिनट लग सकते हैं।
स्टेप 4: भुने हुए आटे में मिलाएं चीनी का पानी
अब गैस की आंच धीमी कर दें। तैयार गर्म चीनी के पानी को धीरे-धीरे भुने हुए आटे में डालें। इस दौरान मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें। गर्म मिश्रण के छींटे पड़ सकते हैं, इसलिए पानी डालते समय सावधानी बरतें।
स्टेप 5: गाढ़ा होने तक पकाएं
अब मिश्रण को लगातार चलाते हुए पकाएं। कुछ ही देर में यह गाढ़ा होने लगेगा। जब आटा पानी को सोख ले और घी हल्का अलग दिखाई देने लगे, तो गैस बंद कर दें। बस, आपका स्वादिष्ट कड़ा प्रसाद तैयार है। इसे गर्मागर्म परोसें।
कड़ा प्रसाद बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
-
आटे को भूनने में जल्दबाजी न करें। इसे लगातार चलाते रहें, ताकि आटा जले नहीं।
-
आटे का रंग सुनहरा भूरा होने और अच्छी खुशबू आने तक इसे भूनें।
-
गर्म चीनी का पानी डालते समय खास सावधानी रखें।
-
पानी डालते समय मिश्रण को लगातार चलाएं, ताकि गांठें न बनें।
-
कड़ा प्रसाद ताजा और गर्म परोसें।
गुरुद्वारे में कड़ा प्रसाद तैयार करने और बांटने की अपनी धार्मिक मर्यादा होती है। घर पर इसे बनाते समय भी साफ-सफाई का ध्यान रखें। अगर आप इसे धार्मिक भेंट के रूप में तैयार कर रहे हैं, तो अपनी परंपरा और गुरुद्वारे की मर्यादा का पालन जरूर करें।


