कोडरमा में लगेंगे AI टावर, हाथियों की लोकेशन मिलते ही गांवों में बजेगा अलर्ट

कोडरमा : कोडरमा में अब हाथियों के गांवों में घुसने से पहले ही लोगों को उनकी खबर मिल जाएगी। इसके लिए वन विभाग AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से चलने वाले निगरानी टावर लगाने जा रहा है। करीब 3 करोड़ रुपए की इस योजना को जल्द मंजूरी

हाथियों
ai generated image

अपनी भाषा में पढ़ें

कोडरमा : कोडरमा में अब हाथियों के गांवों में घुसने से पहले ही लोगों को उनकी खबर मिल जाएगी। इसके लिए वन विभाग AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से चलने वाले निगरानी टावर लगाने जा रहा है। करीब 3 करोड़ रुपए की इस योजना को जल्द मंजूरी के लिए राज्य मुख्यालय भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। विभाग ने मार्च 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा है। वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO) सौमित्र शुक्ला ने बताया कि इस योजना से हाथियों की गतिविधियों पर पहले से नजर रखी जा सकेगी। हाथियों के आबादी वाले इलाकों की तरफ बढ़ते ही ग्रामीणों को मोबाइल पर अलर्ट भेजा जाएगा। इससे लोगों को समय रहते सुरक्षित जगह जाने का मौका मिलेगा।

Read More : झारखंड में कल से साफ होगा मौसम, 3 से 5 डिग्री गिरेगा पारा

योजना के तहत जयनगर और मरकच्चो प्रखंड के उन इलाकों को पहले चुना जाएगा, जहां हाथियों की आवाजाही सबसे ज्यादा रहती है। यहां 4 से 5 बड़े AI टावर लगाए जाएंगे। ये टावर 40 से 50 वर्ग किलोमीटर तक के इलाके पर नजर रख सकेंगे। इसके अलावा गांवों के आसपास हाथियों की सही लोकेशन पता करने के लिए 50 छोटे टावर भी लगाए जाएंगे। जैसे ही किसी टावर के दायरे में हाथियों की गतिविधि दर्ज होगी, वैसे ही वनकर्मियों, आसपास के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के मोबाइल पर अलर्ट मैसेज पहुंच जाएगा। इससे हाथियों के गांव तक पहुंचने से पहले ही लोगों को सावधान किया जा सकेगा। रामगढ़, दलमा और पलामू के बाद कोडरमा झारखंड का चौथा जिला होगा, जहां हाथियों की निगरानी के लिए यह तकनीक लगाई जाएगी।

थर्मल ड्रोन कैमरे से रात में भी पता चलेगी हाथियों की मौजूदगी

हाथियों की निगरानी के लिए वन विभाग ने एक थर्मल ड्रोन कैमरा भी खरीद लिया है। इसके अलावा तीन और कैमरे खरीदने की तैयारी चल रही है। इस कैमरे की खासियत यह है कि यह सामान्य कैमरे की तरह सिर्फ तस्वीर नहीं लेता, बल्कि जीवों के शरीर से निकलने वाली गर्मी के आधार पर उनकी पहचान करता है। इससे घने जंगल और रात के अंधेरे में भी हाथियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सकेगा। इससे पहले वन विभाग हाथियों की निगरानी के लिए ‘एनाइडर्स’ (ANIDERS) सिस्टम का इस्तेमाल करता था। इसमें हाथियों की मौजूदगी का पता चलने पर हूटर बजता था। लेकिन इस सिस्टम में एक परेशानी थी। हाथियों के अलावा दूसरे बड़े जानवरों के आने पर भी हूटर बजने लगता था। इससे कई बार अलर्ट की विश्वसनीयता कम हो जाती थी। अब नई AI तकनीक से जानवरों की गतिविधियों का सही तरीके से विश्लेषण किया जाएगा। इसके बाद ही अलर्ट जारी होगा।

2026 में हाथियों ने 162 जगहों पर मचाया उत्पात, 8 लोगों की मौत

कोडरमा जिले में इस साल हाथियों का उत्पात लगातार जारी रहा है। बीते करीब 10 महीनों में जिले के 162 अलग-अलग स्थानों पर हाथियों के झुंड देखे गए हैं। इनके हमलों में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है। हाथियों ने मार्च में कोडरमा के मरियमपुर और बोनाकाली के साथ मरकच्चो के हरलाडीह में नुकसान पहुंचाया। अप्रैल में सतगावां के कटैया और जयनगर के कंझियाडीह में हाथियों की गतिविधि देखी गई। मई में भखरा, जून में डोमचांच के गोलगो और तेतरियाडीह तथा जुलाई में खंडराडीह में हाथियों ने भारी नुकसान पहुंचाया। जयनगर और मरकच्चो प्रखंड के गांवों के अलावा बराकर नदी के किनारे बसे गांव भी हाथियों से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। वहीं, मरकच्चो के जाम, नादकरी, दसारो, पपलो और कानीकेंद के साथ सतगावां के गलबाती और राजाबर में भी हाथियों की आवाजाही बनी रहती है।

हाथी के हमले में मौत पर परिवार को मिलते हैं 10 लाख रुपए

हाथियों के हमलों से ग्रामीणों में डर बना हुआ है। ऐसे में नुकसान की भरपाई के लिए वन विभाग मुआवजा भी देता है। अगर हाथी के हमले में किसी व्यक्ति की मौत हो जाती है, तो उसके परिवार को कुल 10 लाख रुपए मुआवजा देने का प्रावधान है। इसमें 5 लाख रुपए तत्काल आश्रित परिवार को दिए जाते हैं, जबकि बाकी 5 लाख रुपए की एफडी कराई जाती है। इसके अलावा मृतक के आश्रित को अगले 3 साल तक हर महीने 2 हजार रुपए पेंशन भी दी जाती है। वहीं, हाथियों के हमले में फसल, मकान या पशुधन को नुकसान पहुंचने पर भी वन विभाग के नियमों के मुताबिक मुआवजा दिया जाता है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *