बिसलेरी के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी, पानी में क्या मिला?

नई दिल्ली : बोतलबंद पानी के बाजार में बड़ा नाम रखने वाली बिसलेरी (Bisleri) की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही हैं। दरअसल, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की लैब जांच में बिसलेरी के पैकेट वाले पानी का एक सैंपल पीने लायक नहीं

बिसलेरी

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली : बोतलबंद पानी के बाजार में बड़ा नाम रखने वाली बिसलेरी (Bisleri) की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही हैं। दरअसल, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की लैब जांच में बिसलेरी के पैकेट वाले पानी का एक सैंपल पीने लायक नहीं पाया गया है। जांच में पानी को असुरक्षित बताए जाने के बाद FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ कर दिया है। इस खबर के सामने आने के बाद लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। आखिर बिसलेरी के पानी में ऐसा क्या गड़बड़ मिला कि खाद्य सुरक्षा विभाग को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा? कंपनी ने इस पूरे मामले पर क्या सफाई दी है? अब बिसलेरी पर किस तरह की कार्रवाई हो सकती है? अमेरिका जैसे देशों में इस तरह के मामलों में क्या किया जाता है? साथ ही, देश के बोतलबंद पानी के बाजार में बिसलेरी की कितनी हिस्सेदारी है? आइए, इन सभी सवालों का जवाब एक-एक करके आसान और देसी भाषा में समझते हैं।

Read More : नेपाल के लिए PM मोदी का बड़ा ऐलान, 24 हजार करोड़ का पैकेज 

FSSAI की जांच में बिसलेरी के पानी में क्या मिला?

FSSAI की जांच में पानी के नमूने में दो रसायनों को लेकर सवाल उठे हैं। इनमें ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली, जबकि दूसरी जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी की बात सामने आई।

1. ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा

प्रारंभिक जांच में पानी का नमूना ब्रोमेट के तय मानक पर खरा नहीं उतरा। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया। जांच में लिए गए नमूनों में से एक में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली। जबकि पेयजल में इसकी अधिकतम तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।

2. PAH की मौजूदगी

कंपनी ने शुरुआती जांच के नतीजे पर अपील की थी। इसके बाद नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां भी नमूने को असुरक्षित बताया गया और उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी की पुष्टि की गई।

बिसलेरी ने अपनी सफाई में क्या कहा?

FSSAI की कार्रवाई के बाद बिसलेरी ने दावा किया है कि उसका बोतलबंद पानी सुरक्षित है। कंपनी का कहना है कि पानी तैयार करने की उसकी 10 चरणों वाली प्रक्रिया में 90 से ज्यादा तरह के परीक्षण किए जाते हैं। गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कड़े मानकों का पालन किया जाता है। कंपनी के मुताबिक, यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। बिसलेरी का कहना है कि गोवा का यह प्लांट उसके कुल 143 संयंत्रों में से एक है। कंपनी ने बताया कि FSSAI ने कुल छह नमूने लिए थे। इनमें से पांच सभी तय मानकों पर खरे उतरे थे। सिर्फ एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी। बिसलेरी के मुताबिक, अपील के बाद जब उसी नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी में जांच के लिए भेजा गया, तो वहां ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के अंदर मिली। हालांकि, इसी जांच में लैब ने अलग से PAH की पहचान की।

कंपनी का यह भी दावा है कि उसने उसी नमूने की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक दूसरी स्वतंत्र लैब में कराई थी। वहां भी ब्रोमेट की मात्रा सुरक्षित सीमा के भीतर पाई गई। बिसलेरी का कहना है कि उसने इन स्वतंत्र जांच रिपोर्टों को 2 फरवरी 2026 को FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दिया था। इसके बाद नियामक की ओर से कोई नोटिस नहीं आया। ऐसे में कंपनी को लगा कि मामला सुलझ गया है और बंद हो चुका है। अब अभियोजन की मंजूरी मिलने के बाद कंपनी ने कहा है कि उसे ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए FSSAI का कोई नोटिस नहीं मिला है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह मामले को सुलझाने के लिए नियामक के साथ पूरा सहयोग करेगी।

ब्रोमेट और PAH कितने खतरनाक हैं?

FSSAI की जांच में बिसलेरी के पानी के नमूने में ब्रोमेट और PAH को लेकर सवाल उठे हैं। ये दोनों रसायन सेहत के लिहाज से चिंता का विषय माने जाते हैं।

1. ब्रोमेट

अगर शरीर में ब्रोमेट की ज्यादा मात्रा पहुंचती है, तो इससे जी मिचलाना, उल्टी, पेट में तेज दर्द और गुर्दे को नुकसान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ मामलों में सुनने की क्षमता पर भी असर पड़ सकता है।

सुरक्षित सीमा क्या है?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और भारत के FSSAI ने पेयजल में ब्रोमेट की अधिकतम सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर तय की है। इसका मकसद लंबे समय तक इसके सेवन से होने वाले संभावित नुकसान से बचाव करना है।

2. पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH)

PAH रसायनों का एक समूह है। शोध के मुताबिक, इनके संपर्क में आने से प्रजनन क्षमता, शरीर के विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यून सिस्टम पर बुरा असर पड़ सकता है।

सुरक्षित सीमा क्या है?

WHO ने PAH के एक खतरनाक घटक बेंजो[ए]पाइरीन के लिए पेयजल में 0.7 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की गाइडलाइन तय की है।

3. पानी में इन रसायनों की पहचान करना आसान नहीं

ब्रोमेट और PAH जैसे रसायनों की मौजूदगी को पानी देखकर, सूंघकर या चखकर नहीं पहचाना जा सकता। पानी बिल्कुल साफ दिखने के बावजूद उसमें रासायनिक मिलावट हो सकती है। इसकी सही जानकारी लैब जांच से ही मिलती है।

यहां एक बात समझना जरूरी है कि FSSAI की जांच एक खास बैच के नमूने से जुड़ी थी। नियामक ने इन पदार्थों के सटीक स्तरों की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इसलिए इस एक जांच के आधार पर बिसलेरी के सभी उत्पादों को दूषित मानना सही नहीं होगा।

बिसलेरी पर अब क्या कार्रवाई हो सकती है?

FSSAI ने लैब जांच में पानी का नमूना असुरक्षित पाए जाने के बाद बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत मुकदमा चलाने की औपचारिक मंजूरी दे दी है। हालांकि, अभियोजन की मंजूरी का मतलब यह नहीं है कि कंपनी को दोषी ठहरा दिया गया है। यह कानूनी प्रक्रिया की शुरुआत है। अब मामला अदालत में जाएगा, जहां जांच रिपोर्ट, कंपनी की दलीलों और दोनों पक्षों के सबूतों पर विचार किया जाएगा। अंतिम फैसला अदालत ही करेगी। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले के सामने आने के बाद सरकार ने देशभर के अलग-अलग पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड्स के नमूनों की जांच भी बड़े स्तर पर कराने का फैसला किया है। यानी जांच सिर्फ बिसलेरी तक सीमित नहीं रहेगी।

अमेरिका में ऐसे मामले सामने आने पर क्या होता है?

अमेरिका में खाद्य और पेय पदार्थों की सुरक्षा से जुड़े मानक तय करने और उनकी निगरानी का काम फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (US FDA) करता है। वहां किसी उत्पाद में रासायनिक या जैविक गड़बड़ी मिलने पर जोखिम के हिसाब से कार्रवाई की जाती है।

1. उपभोक्ताओं के लिए सार्वजनिक चेतावनी

अमेरिका में किसी उत्पाद में गड़बड़ी मिलने पर नियामक सार्वजनिक अलर्ट जारी कर सकता है। इसमें कंपनी का नाम, उत्पाद का नाम, बोतल का आकार, बैच नंबर और उत्पाद किन इलाकों में भेजा गया है, जैसी जानकारी दी जाती है। उपभोक्ताओं को यह भी बताया जाता है कि उन्हें उस उत्पाद का इस्तेमाल करना चाहिए या नहीं। जरूरत पड़ने पर उसे फेंकने या वापस करने की प्रक्रिया भी समझाई जाती है।

2. खतरे के हिसाब से उत्पादों का वर्गीकरण

US FDA संभावित स्वास्थ्य जोखिम के आधार पर उत्पादों को वापस मंगाने यानी रिकॉल की तीन श्रेणियों में बांटता है। इससे तय होता है कि किसी उत्पाद से उपभोक्ताओं को कितना खतरा हो सकता है और कितनी तेजी से कार्रवाई की जरूरत है।

3. जरूरत पड़ने पर उत्पाद वापस मंगाने का आदेश

अमेरिका के फूड सेफ्टी मॉडर्नाइजेशन एक्ट (FSMA) के तहत खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में कंपनी को उत्पाद का वितरण रोकने और उसे स्वेच्छा से बाजार से वापस मंगाने का मौका दिया जा सकता है। अगर कंपनी जरूरी कदम नहीं उठाती और उत्पाद से गंभीर स्वास्थ्य नुकसान का खतरा है, तो नियामक अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए अनिवार्य रिकॉल का आदेश दे सकता है।

4. पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

  • रियल वॉटर (2021): अमेरिका के इस पैकेज्ड वाटर ब्रांड के पानी से गैर-वायरल हेपेटाइटिस के मामले सामने आने की आशंका के बाद कंपनी ने अलग-अलग आकार की बोतलों को स्वेच्छा से वापस मंगाया था। जांच पूरी होने तक उत्पादन और वितरण भी बंद कर दिया गया था।
  • वानाबाना (2023): सेब और दालचीनी की प्यूरी में लेड यानी सीसे की मात्रा ज्यादा मिलने के बाद सार्वजनिक चेतावनी जारी की गई थी। इसके बाद करीब 30 लाख पाउच वापस मंगाए गए थे।

5. अमेरिकी व्यवस्था की भी हैं कुछ सीमाएं

ऐसा नहीं है कि अमेरिका में खाद्य सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्था में कभी चूक नहीं होती। साल 2019 में कंज्यूमर रिपोर्ट्स की एक जांच में कुछ पैकेज्ड पानी कंपनियों के जल स्रोतों में ई. कोलाई जैसे खतरनाक बैक्टीरिया मिलने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद FDA ने हर मामले में उत्पाद वापस मंगाने या उपभोक्ताओं को सूचना देने की कार्रवाई नहीं की थी।

इससे साफ है कि अमेरिका में भी हर मामले में एक जैसी कार्रवाई नहीं होती। नियामक संभावित खतरे और जोखिम के स्तर को देखकर फैसला करता है।

भारत के बाजार में बिसलेरी की कितनी पकड़ है?

भारत में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का बाजार काफी बड़ा है। इस बाजार में बिसलेरी के अलावा कोका-कोला की किनले और पेप्सिको की एक्वाफिना जैसे ब्रांड भी मौजूद हैं। रेल नीर, बेली और हिमालयन जैसे ब्रांड भी इस कारोबार में अपनी जगह रखते हैं। इसके अलावा कई क्षेत्रीय और असंगठित ब्रांड भी अलग-अलग इलाकों में पानी बेचते हैं। बिसलेरी भारत में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बेचने वाली सबसे बड़ी कंपनियों में शामिल है। रेलवे स्टेशनों से लेकर जिम और दुकानों तक इसके उत्पाद आसानी से मिल जाते हैं।

कंपनी के वित्त वर्ष 2024 के आंकड़ों के मुताबिक, उसका मुनाफा 82.8 फीसदी बढ़कर 316.95 करोड़ रुपये पहुंच गया था। वहीं, इस दौरान कंपनी का राजस्व 18.32 फीसदी बढ़कर 2,814.04 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। ऐसे में FSSAI की कार्रवाई कंपनी के लिए अहम है। हालांकि, फिलहाल मामला एक खास बैच के नमूने से जुड़ा है और कंपनी ने जांच के नतीजों पर सवाल उठाते हुए अपनी सफाई भी दी है। अब आगे की तस्वीर कानूनी प्रक्रिया और जांच के नतीजों से ही साफ होगी।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *