रांची में स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत गांवों में चले कई अभियान, जानें खास बातें

रांची : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले के गांवों में इन दिनों कई तरह के कार्यक्रम चल रहे हैं। कहीं महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए पैसे दिए जा रहे हैं, तो कहीं किसान अपनी सब्जियों को मिलकर बाजार में

स्थापना दिवस

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत रांची जिले के गांवों में इन दिनों कई तरह के कार्यक्रम चल रहे हैं। कहीं महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए पैसे दिए जा रहे हैं, तो कहीं किसान अपनी सब्जियों को मिलकर बाजार में बेच रहे हैं। पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण हो रहा है और लोगों को तंबाकू छोड़ने की शपथ भी दिलाई जा रही है।

Read More : रांची में वाटर मीटर चोरी बढ़ी, नगर निगम ने लोगों को किया सतर्क

गुरुवार को जिला प्रशासन और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ओर से जिले के अलग-अलग प्रखंडों में शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, खेती, पशुपालन, स्वच्छता और नशामुक्ति से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का मकसद गांव की महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा करना, किसानों की आमदनी बढ़ाना और ग्रामीण परिवारों को रोजगार के बेहतर मौके देना है।

रातू में 5 महिलाओं को मिले 1.90 लाख रुपये के स्वीकृति पत्र

रातू प्रखंड में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 5 महिलाओं को कुल 1 लाख 90 हजार रुपये की राशि के स्वीकृति पत्र दिए गए। रातू क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) के माध्यम से महिलाओं को यह स्वीकृति पत्र मिले। यह योजना उन महिलाओं को सम्मान के साथ रोजगार से जोड़ने के लिए चलाई जा रही है, जो मजबूरी में हड़िया-दारू बनाने और बेचने के काम से जुड़ी थीं। योजना के तहत चिह्नित महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए 10 हजार रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जाता है। वहीं, इटकी प्रखंड स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की शाखा में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY) के तहत तीन मृतक लाभुकों के परिवारों को बीमा की राशि दी गई। हर परिवार को 2-2 लाख रुपये मिले। इस तरह कुल 6 लाख रुपये की सहायता राशि परिवारों को मिली। इस मौके पर JSLPS की बैंक सखी, टीम के सदस्य और बैंक प्रबंधक मौजूद रहे।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को भी मिली आर्थिक मदद

कर्मा ग्राम संगठन की EC-2 बैठक में स्वयं सहायता समूह की दो सदस्यों को कुल 15 हजार रुपये की जोखिम न्यूनीकरण निधि (VRF) दी गई। इस पैसे से जरूरत पड़ने पर कमजोर परिवारों को अचानक आई आर्थिक परेशानी से निपटने में मदद मिलेगी। दूसरी ओर, सोनाहातू प्रखंड में मंईयां सम्मान योजना का लाभ लेने वाली चार महिलाओं ने मिली सहायता राशि से अपना काम शुरू कर दिया है। ये महिलाएं अब बांस की टोकरियां बना रही हैं और स्थानीय बाजार में बेचकर पैसे कमा रही हैं। इससे उन्हें घर बैठे रोजगार का मौका मिला है और वे अपनी आमदनी भी बढ़ा रही हैं।

शिमला मिर्च बेचकर रोजाना हो रहा 15 हजार रुपये का कारोबार

खेती के क्षेत्र में भी जिले की महिलाएं अच्छा काम कर रही हैं। सादमा प्रोड्यूसर कंपनी के माध्यम से शिमला मिर्च की सामूहिक बिक्री की जा रही है। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उन्नत तकनीक और माइक्रो ड्रिप इरिगेशन की मदद से शिमला मिर्च उगा रही हैं। उनकी ओर से हर दिन करीब 2 क्विंटल शिमला मिर्च की थोक बिक्री की जा रही है। इससे रोजाना लगभग 15 हजार रुपये का कारोबार हो रहा है। इस पहल से महिला किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर बाजार मिल रहा है। साथ ही उनकी आमदनी बढ़ाने का रास्ता भी खुल रहा है। इसके अलावा जिला कृषि विभाग ने रातू प्रखंड में खेत बचाओ अभियान भी चलाया।

जिले में 1,561 बकरियों को लगाया गया टीका

पशुपालकों को राहत देने के लिए जिले के अलग-अलग प्रखंडों में बकरी टीकाकरण अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 1,561 बकरियों को टीका लगाया गया। इससे बकरियों को संक्रामक बीमारियों से बचाने और पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। वहीं, स्वयं सहायता समूहों और ग्राम संगठनों के हिसाब-किताब को दुरुस्त रखने के लिए 71 SHG Cut-off और 49 ग्राम संगठन (VO) Transaction शिविर लगाए गए। रांची जिले के अलग-अलग क्लस्टर लेवल फेडरेशन (CLF) को कुल 1 करोड़ 97 लाख 90 हजार रुपये की सामुदायिक निवेश निधि (CIF) दी गई। इस राशि से स्वयं सहायता समूह की महिलाएं खेती, पशुपालन और अपना रोजगार शुरू करने या बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद ले सकेंगी। आधार आधारित e-KYC अभियान के तहत करीब 1,794 लाभार्थियों का सत्यापन भी पूरा किया गया, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में परेशानी न हो।

गांव-गांव में दिलाई गई तंबाकू नहीं खाने की शपथ

स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान जिले में तंबाकू और नशे के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। पंचायती राज विभाग, झारखंड के निर्देश और रांची के उपायुक्त के मार्गदर्शन में सभी प्रखंड कार्यालयों, ग्राम पंचायत भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, हाट-बाजारों और सार्वजनिक जगहों पर लोगों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई गई। कई स्कूलों और हाट-बाजारों में नुक्कड़ संवाद और जागरूकता कार्यक्रम भी हुए। लोगों से तंबाकू और नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वस्थ परिवार व समाज बनाने की अपील की गई। इसके साथ ही सभी पंचायतों में तंबाकू मुक्त अभियान भी चलाया गया।

20 और 21 नवंबर को मोरहाबादी में होंगे देसी खेलों के मुकाबले

झारखंड स्थापना दिवस 2026 के मौके पर भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण तथा स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन 20 और 21 नवंबर को किया जाएगा। पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग और रांची जिला प्रशासन की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता सुबह 8 बजे से शुरू होगी। प्रतियोगिता के दो आयोजन स्थल होंगे :

  • बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी, रांची।
  • मरंग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी, रांची।

इसमें 14 से 40 साल तक के बालक और बालिकाएं ओपन आयु वर्ग में हिस्सा ले सकेंगे। इन खेलों में होंगे मुकाबले : गुलेल, मटका दौड़, गेड़ी दौड़, भाला दौड़, फुटबॉल, तीरंदाजी, वॉलीबॉल और हॉकी। इस आयोजन का मकसद झारखंड के पारंपरिक और जनजातीय खेलों को बढ़ावा देना और युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का मौका देना है। प्रशासन ने इच्छुक खिलाड़ियों और युवाओं से ज्यादा से ज्यादा संख्या में हिस्सा लेने की अपील की है।

स्कूलों में बच्चों को बताई जा रही झारखंड की गौरव गाथा

स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान शिक्षा विभाग भी बच्चों को झारखंड के इतिहास और संस्कृति से जोड़ने में जुटा है। जिले के सभी स्कूलों में छात्र-छात्राओं को झारखंड के महापुरुषों, आंदोलनकारियों, ऐतिहासिक घटनाओं, राज्य गठन की कहानी, रजत जयंती वर्ष और यहां की समृद्ध परंपराओं के बारे में जानकारी दी गई। इसके लिए स्कूलों में क्विज प्रतियोगिताएं भी कराई गईं, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

महिलाओं, किसानों और युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जिला प्रशासन और JSLPS की ओर से गांवों में लगातार अलग-अलग कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इनका मकसद महिलाओं को रोजगार से जोड़ना, किसानों की आमदनी बढ़ाना, पशुपालन को बढ़ावा देना और युवाओं को आगे बढ़ने के मौके देना है। इसके साथ ही नशामुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता पर भी जोर दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीण परिवारों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलें और महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। रांची जिला प्रशासन ने लोगों की शिकायतों और समस्याओं के लिए आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9430328080 जारी किया है। इसे ‘अबुआ साथी’ नाम दिया गया है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *