रांची को कचरा मुक्त बनाने की तैयारी, महापौर ने पार्षदों से की अपील

रांची : शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए रांची नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत बुधवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर चार दिवसीय प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इस मौके

कचरा मुक्त

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए रांची नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 के तहत बुधवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर चार दिवसीय प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इस मौके पर महापौर रोशनी खलखो ने वार्ड पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्र को शून्य अपशिष्ट और आत्मनिर्भर वार्ड बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। कार्यशाला का आयोजन आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इम्पैनल्ड एजेंसी M/s Feedback Foundation Charitable Trust के माध्यम से किया जा रहा है। उद्घाटन कार्यक्रम में महापौर रोशनी खलखो, नगर आयुक्त सुशांत गौरव, अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, वार्ड पार्षदों, सहायक नगर आयुक्त और नगर निगम के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

Read More : रांची बस टर्मिनल का बदलेगा स्वरूप, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नियमों की दी जा रही जानकारी

इस कार्यशाला का उद्देश्य राज्य के नगरीय निकायों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना है। साथ ही, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप शहरी स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। चार दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कचरा प्रबंधन से जुड़े कानूनी प्रावधानों, नई तकनीकों और वैज्ञानिक प्रसंस्करण प्रणालियों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही नगरीय निकायों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी विस्तार से चर्चा हो रही है।

कचरे के पृथक्करण से लेकर वैज्ञानिक निस्तारण तक प्रशिक्षण

कार्यशाला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें स्रोत पर कचरे का पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन), 4-बिन सेग्रीगेशन, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और रिसोर्स रिकवरी जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा लेगेसी वेस्ट मैनेजमेंट, सैनिटरी लैंडफिल, फीकल स्लज मैनेजमेंट, सैनिटेशन, IEC गतिविधियां और SWM Rules 2026 की जानकारी दी जा रही है। वार्ड स्तर पर कचरा प्रबंधन, जनजागरूकता, विकेंद्रीकृत अपशिष्ट प्रसंस्करण तथा जलाशयों, नालों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई पर भी चर्चा की गई। स्थानीय स्तर पर सफाई व्यवस्था में आने वाली चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान के साथ निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

महापौर ने कहा- स्वच्छता में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम

महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को जमीन पर उतारने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल शहर का निर्माण केवल नगर निगम के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए प्रत्येक वार्ड के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी वार्ड पार्षदों से अपने-अपने वार्ड को शून्य अपशिष्ट और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल करने की अपील की। साथ ही नागरिकों को घर से ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

नगर आयुक्त ने नियमित निगरानी पर दिया जोर

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि स्वच्छता एक सतत प्रक्रिया है। इसे सफल बनाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के अनुसार शहर में कचरे का संग्रहण, पृथक्करण और वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाना है। इसके लिए वार्ड स्तर पर बेहतर समन्वय, नियमित निगरानी और व्यापक जनजागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाकर ही रांची को स्वच्छ एवं कचरा मुक्त शहर बनाया जा सकता है।

वार्ड स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा

कार्यशाला में शामिल जनप्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी और व्यावहारिक बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे वार्ड स्तर पर स्वच्छता प्रबंधन को नई दिशा मिलेगी। साथ ही, नागरिकों के बीच कचरे के पृथक्करण, जिम्मेदारी के साथ अपशिष्ट निस्तारण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। रांची नगर निगम का लक्ष्य केवल शहर की सफाई व्यवस्था सुधारना नहीं, बल्कि स्थायी स्वच्छता संस्कृति विकसित करना है। इसके तहत घरों में कचरे का पृथक्करण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि रांची को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सके।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *