रांची बस टर्मिनल का बदलेगा स्वरूप, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

रांची : राजधानी रांची के खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यात्री-अनुकूल बनाने की पहल तेज हो गई है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ वार्ड संख्या 13 स्थित बस

नगर आयुक्त

अपनी भाषा में पढ़ें

रांची : राजधानी रांची के खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और यात्री-अनुकूल बनाने की पहल तेज हो गई है। इसी कड़ी में बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ वार्ड संख्या 13 स्थित बस टर्मिनल का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए स्वच्छता, यात्री सुविधाओं, बसों के व्यवस्थित पड़ाव, प्रकाश व्यवस्था और अतिक्रमण हटाने को लेकर कई जरूरी निर्देश दिए। करीब 15.33 एकड़ में फैले इस बस टर्मिनल के बेहतर संचालन और उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं के अधिकतम उपयोग पर नगर आयुक्त ने जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शौचालय, प्रतीक्षालय, आश्रय गृह, डोरमेट्री, कमरे, टिकट काउंटर, प्रवेश और निकास द्वार के साथ प्रकाश व्यवस्था का भी जायजा लिया।

Read More : रांची में माँ जगद्धात्री पूजा का भव्य आयोजन, उमड़े सैकड़ों श्रद्धालु

नगर आयुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल रांची की महत्वपूर्ण परिवहन परिसंपत्ति है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना जरूरी है। फिलहाल नगर निगम विभागीय स्तर पर इसका संचालन कर रहा है। इसे बेहतर यात्री-अनुकूल परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करना निगम की प्राथमिकता है।

अतिक्रमण हटाने और बसों की पार्किंग व्यवस्थित करने का निर्देश

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने परिसर में अतिक्रमण, अवैध निर्माण और बेतरतीब बस पड़ाव के कारण यात्रियों को होने वाली परेशानी पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी अवरोधों को हटाने और शौचालय, आश्रय गृह समेत अन्य यात्री सुविधाओं तक पहुंचने वाले रास्तों को बाधामुक्त रखने का निर्देश दिया। बसों के अनियमित पड़ाव को देखते हुए सभी निर्धारित स्थानों की मार्किंग और नंबरिंग कराने को कहा गया। प्रत्येक पड़ाव पर सूचना पट्ट और दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को बसों की जानकारी आसानी से मिल सके। बसों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करना होगा। इसके अलावा परिसर में अनधिकृत बस धुलाई, अव्यवस्थित टिकट काउंटर, अवैध प्रचार और अन्य अनधिकृत गतिविधियों पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया।

सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर

नगर आयुक्त ने पूरे परिसर में नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव के साथ खुले नालों को स्लैब से ढकने का निर्देश दिया गया। पेवर ब्लॉक लगाने का काम जल्द पूरा करने तथा बाउंड्री वॉल पर आकर्षक पेंटिंग और लैंडस्केपिंग के जरिए परिसर का सौंदर्यीकरण करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान जर्जर भवन हटाने की कार्रवाई

आश्रय गृह के पास स्थित पुराने और जर्जर भवन का निरीक्षण करने के बाद नगर आयुक्त ने उसे तत्काल हटाने का निर्देश दिया। यह भवन पहले आश्रय गृह या विश्राम गृह के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति जर्जर पाई गई। निर्देश के बाद नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम ने बुधवार को ही उक्त जर्जर संरचना को हटाने की कार्रवाई की।

अवैध दुकानों और कब्जों पर होगी कार्रवाई

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निगम की जमीन पर अवैध कब्जा, अस्थायी दुकान या अनधिकृत निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इनफोर्समेंट टीम को नियमित निगरानी रखने और अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही परिसर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने को कहा गया। खासकर रात के समय यात्रियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

ठंड से पहले आश्रय गृह की सुविधाएं होंगी दुरुस्त

आगामी ठंड के मौसम को देखते हुए नगर आयुक्त ने आश्रय गृह को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त रखने को कहा, ताकि जरूरतमंद यात्रियों और राहगीरों को सुरक्षित आश्रय मिल सके। टर्मिनल में उपलब्ध डोरमेट्री, कमरों और टिकट काउंटरों का भी निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने इनके नियमित रखरखाव और निगरानी पर जोर देते हुए कहा कि यात्रियों को इन सुविधाओं का लाभ आसानी से मिलना चाहिए। इनके संचालन में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

यात्रियों को एक ही परिसर में मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को बस टर्मिनल की उपलब्ध भूमि और आधारभूत संरचनाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बस टर्मिनल केवल बसों के ठहराव की जगह नहीं है, बल्कि शहर में आने-जाने वाले हजारों यात्रियों के लिए रांची की पहचान और नागरिक सुविधाओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा, सुगम आवागमन, व्यवस्थित पार्किंग और पर्याप्त रोशनी समेत सभी बुनियादी सुविधाओं का बेहतर स्तर बनाए रखने को कहा। रांची नगर निगम का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल को ऐसा सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल परिवहन केंद्र बनाना है, जहां यात्रियों को अनावश्यक परेशानी न हो और एक ही परिसर में जरूरी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर समेत नगर निगम के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram
संबंधित खबरें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *