बोकारो: उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 22 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाले लुगुबुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा भी शामिल हुए. जहां 24 नवंबर को सीएम हेमंत सोरेन के प्रस्तावित आगमन सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई।
आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। जिसमें पहाड़ पर एक स्थायी स्वास्थ्य केंद्र और मेला क्षेत्र में पर्याप्त मेडिकल टीम एवं स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। साथ ही पहाड़ एवं मेला क्षेत्र में सभी स्वास्थ्य केंद्रों की जानकारी देने वाले साइनेज 20 नवंबर तक लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा चिल्ड्रेन पार्क एवं अन्य महत्वपूर्ण दर्शनीय स्थलों तक पहुंचने के लिए भी उचित दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के मनोरंजन एवं विश्राम के उद्देश्य से मधुर गीत-संगीत, भक्ति गीत एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की व्यवस्था की जाए। इसके लिए सांस्कृतिक टीमों का गठन कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालु कुछ समय रुककर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद ले सकें।
उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में सुगम यातायात व्यवस्था के लिए विस्तृत ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने को कहा. पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित करते हुए वाहन पार्किंग एवं निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें. मेला क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया.
मेला क्षेत्र एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख स्थलों पर जगह-जगह अलाव की व्यवस्था करने का निर्देश दिया
ठंड को देखते हुए उपायुक्त ने मेला क्षेत्र एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख स्थलों पर जगह-जगह अलाव की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वास्थ्य, प्रशासनिक एवं पुलिस शिविरों में शेड, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। पूरे मेला क्षेत्र, प्रमुख मार्गों एवं पार्किंग स्थलों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा सफाई कर्मियों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात रखने का निर्देश दिया।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश
मेला क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों, मुख्य गुफा की ओर जाने वाले मार्ग एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। पॉकेटमारी एवं अन्य अवांछित गतिविधियों की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
21 नवंबर तक आयोजन संबंधी सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 21 नवंबर तक मंच, डाइनिंग एरिया एवं अन्य आयोजन संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। 22 एवं 23 नवंबर को निर्धारित सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित आयोजन हो। जनजातीय गौरव दिवस, खेलकूद, शिक्षा एवं अन्य गतिविधियों को भी कार्यक्रमों में समुचित स्थान दिया जाए।
मौके पर ये रहे शामिल
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, एएसपी वेदांत शंकर, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, एसी सुनील चन्द्र, एसडीओ बेरमो मनोज कुमार, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, डीटीओ मारुति मिंज, एसडीपीओ रविन्द्र कुमार सिंह, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बून, सीओ गोमिया मो. अफताब, एडीएसएस सुचिता किरण, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, सिविल डिफेंस के एस.पी. वर्मा समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
also read: झारखंड के 400 से अधिक खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान, बांटे जाएंगे 5 करोड़





