नई दिल्ली : होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर जहाज को निशाना बनाया गया है। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को बताया कि 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर ‘तारा गैस’ पर मिसाइल हमला हुआ। हमले के समय जहाज पर 24 भारतीय नागरिक समेत चालक दल के कुल 25 सदस्य सवार थे। राहत की बात यह है कि सभी सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहाज पर सवार सभी 24 भारतीय नागरिकों और चालक दल के अन्य सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित है। मंत्री ने कहा, ‘हम स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और अपने नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जहाज प्रबंधन कंपनी के लगातार संपर्क में हैं।’
Read More : एमएस धोनी ने IPL से लिया संन्यास, CSK मेंटर की संभालेंगे जिम्मेदारी
पिछले सप्ताह भी भारतीय नाविकों वाले जहाजों पर हुए हमले
होर्मुज जलडमरूमध्य और अरब सागर में पिछले सप्ताह भी ऐसे जहाजों को निशाना बनाया गया था, जिन पर भारतीय नाविक सवार थे। 10 नवंबर को लाइबेरिया के झंडे वाले एक जहाज पर मिसाइल या रॉकेट से हमला हुआ था। उस जहाज पर 19 भारतीय नाविक मौजूद थे। हालांकि, हमले में सभी सुरक्षित बच गए थे। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इस घटना की जानकारी दी थी। इसके अगले दिन यानी 11 नवंबर को भी होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज को निशाना बनाया गया। सऊदी अरब के झंडे वाले ‘एनसीसी फज्र’ नामक जहाज पर उस समय हमला हुआ, जब वह समुद्री रास्ते से गुजर रहा था। जहाज पर तीन भारतीय नाविकों समेत पूरा चालक दल सवार था। हमले के बाद सभी सुरक्षित बताए गए।
अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद प्रभावित हुई जहाजों की आवाजाही
अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। ईरान ने इस समुद्री रास्ते से गुजरने वाले जहाजों पर पाबंदियां लगा रखी हैं। इस दौरान कई जहाजों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रहे इन हमलों के बीच भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। ताजा घटना में तारा गैस टैंकर पर सवार सभी 24 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं।






