सराईकेला: जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत नीमडीह प्रखंड के गुंडा स्थित डीहटाड़ में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड इस क्षेत्र में लगातार विचरण कर रहा था।इसी दौरान एक विशाल हाथी बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना ने क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और बिजली विभाग की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले भी बिजली तार की चपेट में आने से कई हाथियों की मौत हो चुकी
ग्रामीणों का कहना है कि नीमडीह क्षेत्र में इससे पहले भी बिजली तार की चपेट में आने से कई हाथियों की मौत हो चुकी है। लगातार ऐसी घटनाएं होने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से झूलते बिजली तारों को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है. ग्रामीणों ने इसे विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि वन विभाग और बिजली विभाग मिलकर वन्यजीवों तथा ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करें. बिजली तारों की स्थिति की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद चांडिल वन प्रमंडल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी. घटना के बाद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है।
नीचे लटकते बिजली तारों ने बढ़ाई चिंता
हाथी की मौत के बाद बिजली विभाग की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में कई जगह बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं। इनकी नियमित जांच नहीं होने से इस तरह के हादसों का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने बिजली तारों की ऊंचाई की जांच कराने, जर्जर तारों को दुरुस्त करने और हाथियों के आवागमन वाले संवेदनशील इलाकों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाता, तो बेजुबान हाथी की जान बच सकती थी।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
हाथी की मौत की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। टीम ने घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा लिया। फिलहाल विभाग की ओर से घटना से संबंधित तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बिजली का तार निर्धारित ऊंचाई से नीचे था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों ने तार नीचे लटकने की शिकायत करते हुए इसे हाथी की मौत की वजह बताया है।
also read :लाला लाजपत राय के 98 वें शहादत दिवस पर दी गई श्रद्वांजलि





