रांचीः राजधानी के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में विचाराधीन बंदी के साथ कथित सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को मामले के अनुसंधान पदाधिकारी (आईओ) मनीष शिवम जेल पहुंचे और पूरे प्रकरण की पड़ताल शुरू की। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद कई कैदियों से पूछताछ की और उनके बयान दर्ज किए।
पहली घटना 12 जून 2026 की रात हुई थी
एफआईआर में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे के साथ पहली घटना 12 जून 2026 की रात हुई थी। कुछ बंदियों ने उसे जबरन महिला के कपड़े पहनाए और नशीला पदार्थ पिलाने के बाद वार्ड संख्या 3-ए में ले जाकर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया। दूसरी घटना रामनवमी के आसपास और तीसरी घटना सरहुल पर्व के दौरान होने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, इन दोनों मौकों पर भी बंदियों ने पीड़ित के साथ यौन उत्पीड़न किया। हालांकि दूसरी और तीसरी घटना की सटीक तारीख का उल्लेख एफआईआर में नहीं है।
इस मामले में केवल बंदियों पर ही आरोप नहीं लगाए गए हैं, बल्कि जेल प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। पीड़ित के पिता का आरोप है कि जेल के वार्ड इंचार्ज से लिखित शिकायत की थी लेकिन उसकी शिकायत की कॉपी फाड़ दी गई। वहीं, जेल अस्पताल के चिकित्सक पर पीड़ित की शारीरिक परेशानी को नजरअंदाज करने और इलाज नहीं करने का आरोप लगाया गया है। जेल अधीक्षक और मेडिकल अधिकारी को भी प्राथमिकी में आरोपी बनाया गया है।
19 लोगों के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी
खेलगांव थाना में प्राथमिकी संख्या 0066/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 351, 352 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। शुक्रवार को जेल में कैदियों के बयान दर्ज किए जाने के बाद अब पुलिस प्राथमिकी में नामजद लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाएगी।
also read :राज्य सरकार की अपील खारिज, एक्वा वर्ल्ड को हाइकोर्ट से राह






