भुनेश्वर: उड़ीसा सरकार ने शुक्रवार को राज्य के तटीय और दक्षिणी इलाकों के जिलाधिकारियों को अलर्ट किया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान की आशंका जताई है। यह तूफान 16 नवंबर की शाम के आसपास आ सकता है।
बंगाल की खाड़ी में कब बनेगा चक्रवाती तूफान?
आईएमडी ने मुख्य सचिव को खास संदेश भेजा है। इसमें बताया गया है कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। शुक्रवार सुबह यह मध्य अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर मौजूद था।
आईएमडी ने कहा, इसके बाद इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 16 नवंबर की शाम के आसपास मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में और तेज होने की संभावना है।
किन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ?
भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार दोपहर के बुलेटिन में यलो अलर्ट जारी किया। इसका मतलब है कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। 18 और 19 नवंबर को केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं।
इन जिलों में बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, क्योंझर, मयूरभंज, गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ शामिल हैं। 19 और 20 नवंबर को रायगढ़ा, गजपति, गंजाम और पुरी जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, रायगढ़ा, गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ में भी गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं।





