रांची/गढ़वा: दिल्ली की मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान ओमप्रकाश गुप्ता का इलाज के दौरान निधन हो गया। 34 वर्षीय ओमप्रकाश दीपावली की छुट्टी पर अपने पैतृक गांव भवनाथपुर आए थे। सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया, लेकिन तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। जवान की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे भवनाथपुर क्षेत्र में शोक की लहर है।
छुट्टी पर घर आए थे जवान, रास्ते में हुआ हादसा
ओमप्रकाश गुप्ता भवनाथपुर के कर्पूरी चौक निवासी और सेल के सेवानिवृत्त कर्मचारी विश्वनाथ गुप्ता के सबसे छोटे पुत्र थे। वह दिल्ली में मुख्यमंत्री की एस्कॉर्ट ड्यूटी के तहत वीवीआईपी सुरक्षा में तैनात थे। दीपावली से दो दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार को वह किसी निजी काम से बाइक से श्री बंशीधर नगर गए थे। वहां से लौटने के दौरान भवनाथपुर-श्री बंशीधर नगर मुख्य मार्ग पर छहमाइलवा विद्युत सब-स्टेशन के समीप उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। दूसरी बाइक बूका गांव निवासी विकास रावत चला रहे थे। आमने-सामने की इस भीषण भिड़ंत में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाए गए थे ओमप्रकाश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। ओमप्रकाश को पहले मेदिनीनगर के नारायणी अस्पताल और फिर रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर वरीय अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद मंगलवार दोपहर बेहतर उपचार के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिवार और इलाके में शोक की लहर
ओमप्रकाश के निधन की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दीपावली की छुट्टी में घर लौटे जवान की इस तरह असमय विदाई से भवनाथपुर के लोग भी गमगीन हैं। परिवार और स्थानीय लोगों के बीच शोक का माहौल है।


