पलामू : झारखंड के पलामू जिले के विश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी विधायक नरेश प्रसाद सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें विधायक एक व्यक्ति के कंधे पर बैठकर नदी पार करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों नदी में गिर जाते हैं। वीडियो में एक अन्य व्यक्ति विधायक का जूता उठाते हुए भी दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति ओबीसी समाज से है। इस वीडियो के सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक बहस शुरू हो गई है।
Read More : पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की बिगड़ी तबीयत, AIIMS में भर्ती
दरअसल, विधायक सोमवार देर शाम घासीदाग पंचायत में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। गांव तक जाने के लिए उन्हें धुरिया नदी पार करनी थी। नदी में घुटने भर पानी होने के बावजूद उन्होंने एक दलित व्यक्ति के कंधे पर बैठकर नदी पार करने का फैसला किया। इसी दौरान नदी की धार में व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया और विधायक समेत दोनों पानी में गिर पड़े। हालांकि, इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
#VIDEO: पलामू के विश्रामपुर से RJD विधायक नरेश प्रसाद सिंह का वीडियो वायरल है। इसमें वह दलित व्यक्ति के कंधे पर बैठकर धुरिया नदी पार करते समय पानी में गिरते दिख रहे हैं।
#NareshPrasadSingh #RJD #Palamu #Vishrampur #JharkhandNews #ViralVideo #jhlive https://t.co/QbymqOIH5p
— JH LIVE (@jhliveonline) November 11, 2026
दलित के कंधे पर बैठे विधायक, ओबीसी व्यक्ति ने उठाया जूता
वायरल वीडियो में विधायक एक दलित व्यक्ति के कंधे पर सवार होकर नदी पार करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एक अन्य व्यक्ति उनका जूता उठाते नजर आ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जूता उठाने वाला व्यक्ति ओबीसी समाज से है। वीडियो सामने आने के बाद दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों को लेकर राजनीतिक दलों के दावों और जमीनी हकीकत पर सवाल उठने लगे हैं। घासीदाग पंचायत की मुखिया अंजू देवी ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि एक दलित व्यक्ति के कंधे पर बैठकर नदी पार करना विधायक की मानसिकता को दर्शाता है। मुखिया ने यह भी कहा कि गांव में लंबे समय से पुल बनाने की मांग की जा रही है। ग्रामीण इसके लिए आंदोलन भी कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
विपक्षी नेताओं ने विधायक और सरकार को घेरा
इस मामले पर बसपा नेता राहुल दुबे ने भी विधायक पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब आम लोगों को इलाज के लिए आने-जाने में परेशानी होती है, तब जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं को समझना चाहिए। वहीं, भाजपा के पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने भी इस घटना को लेकर सरकार और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधा।
पुल नहीं होने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी
फिलहाल विधायक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर धुरिया नदी पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी सामने आई है, तो दूसरी ओर विधायक के नदी पार करने के तरीके और वीडियो में दिख रहे सामाजिक पहलुओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं।



